हिंदुस्तान में गर्मी अब अपने असली तेवर दिखाने लगी है. कई शहरों में टेम्परेचर 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. दोपहर होते-होते पंखे भी सिर्फ गर्म हवा ही घुमाते नजर आते हैं. ऐसे में हर किसी के बजट में AC फिट नहीं बैठता. यही वजह है कि एयर कूलर आज भी कई घरों की पहली पसंद बने हुए हैं. लेकिन कूलर खरीदने की बारी आती है, तो सबसे बड़ा सवाल सामने खड़ा हो जाता है. यही कि टॉवर कूलर लें या डेजर्ट कूलर? पहली नजर में दोनों लगभग एक जैसे लगते हैं. पानी भरिए, स्विच ऑन कीजिए और ठंडी हवा का इंतजार कीजिए. मामला इतना सीधा भी नहीं है. आइए जानते हैं फिर दोनों में कितना फर्क है.
टावर कूलर क्या होता है?
टावर कूलर का डिजाइन लंबा, पतला और बेहद मॉडर्न होता है. यही वजह है कि यह कम जगह में भी आसानी से फिट हो जाता है. अगर आपका कमरा छोटा या मीडियम साइज का है, तो टावर कूलर आपके लिए एकदम सही रहेगा. खासकर अपार्टमेंट में, जहां हर इंच की कीमत होती है, वहां इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन काफी काम आता है. इसकी आवाज भी काफी कम होती है, इसलिए रात में आराम से नींद आती है. आपको बिल्कुल ऐसा नहीं लगेगा कि कमरे में कोई ट्रैक्टर चल रहा है.
हालांकि, हर चीज के अपने फायदे और कुछ सीमाएं भी होती हैं. टावर कूलर में पानी की टंकी छोटी होती है. इसलिए गर्मियों के लंबे दिनों में आपको इसे थोड़ा जल्दी-जल्दी भरना पड़ सकता है. साथ ही, इसकी कूलिंग एक फिक्स्ड डायरेक्शन में ज्यादा फोकस रहती है. यानी बड़े कमरे में हवा उतनी बढ़िया तरीके से नहीं फैलती.
डेजर्ट कूलर क्या होता है?
अगर बात जबरदस्त कूलिंग की हो, तो डेजर्ट कूलर किसी पावरहाउस से कम नहीं है. इसका साइज बड़ा होता है, आवाज भी थोड़ी ज्यादा होती है, लेकिन कूलिंग के मामले में यह सचमुच दमदार होता है. यह बड़े कमरे, हॉल या खुले एरिया के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है. इसमें बड़े फैन, शानदार एयर थ्रो और बड़ी पानी की टंकी मिलती है. मतलब, बार-बार आपको पानी भरने की झंझट नहीं होती.
हालांकि, यह भी कुछ समझौते के साथ ही आते हैं. यह ज्यादा जगह घेरता है, बिजली की खपत भी थोड़ी ज्यादा होती है और इसकी आवाज भी आपको महसूस होगी. लेकिन जब गर्मी अपने चरम पर हो और हवा सूखी हो, तब डेजर्ट कूलर जिस तरह राहत देता है, उसका मुकाबला करना आसान नहीं है.
तो आखिर कौन-सा कूलर खरीदें?
अगर आपका कमरा छोटा है, आपको ज्यादा शोर पसंद नहीं है और बिजली का बिल भी कंट्रोल में रखना चाहते हैं, तो टॉवर कूलर आपके लिए बढ़िया ऑप्शन है. यह कम जगह लेता है, दिखने में स्टाइलिश होता है और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए बिल्कुल परफेक्ट है.
लेकिन अगर आप बड़े कमरे, हॉल या खुले एरिया में रहते हैं, जहां गर्मी सच में जान निकाल देती है, तो डेजर्ट कूलर पर दांव लगाना ज्यादा सही है. इसकी कूलिंग पावर कहीं ज्यादा होती है और तेज गर्मी में भी यह राहत देने में पीछे नहीं रहता.
यह भी पढ़ें: इन्वर्टर पर भी चलेंगे ये स्मार्ट कूलर, कम खर्च में देंगे AC जैसी ठंडक
The post Tower Cooler vs Desert Cooler: दोनों के क्या हैं फायदे और नुकसान? जानें किसे खरीदना रहेगा सही appeared first on Naya Vichar.

