आमिर खान ने अपनी फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ की असफलता को लेकर पहली बार खुलकर बात की है. मुंबई में आयोजित एक मास्टरक्लास के दौरान आमिर खान ने बताया कि फिल्म की ओरिजिनल स्क्रिप्ट को कास्टिंग की वजह से कई बार बदला गया, जिससे पूरी कहानी का असर कमजोर पड़ गया. साल 2018 में रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी.
‘मैं हमेशा कहानी देखकर फिल्म चुनता हूं’
व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल में आयोजित स्क्रीन अकादमी मास्टरक्लास में आमिर खान ने कहा, “मेरे लिए मैं कौन सा किरदार निभा रहा हूं, यह दूसरी बात होती है. सबसे पहले मैं कहानी और स्क्रिप्ट देखता हूं.” आमिर ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘दंगल’ का उदाहरण देते हुए कहा, “जब मैंने ‘दंगल’ के लिए हां कहा था, तो उसकी वजह शानदार स्क्रिप्ट थी. फिल्म की कहानी बहुत मजबूत थी और हर किरदार के पास कुछ अच्छा करने के लिए था. उसके बाद मैंने महावीर सिंह फोगाट के किरदार पर ध्यान दिया. मैंने सिर्फ इसलिए फिल्म नहीं की कि महावीर का किरदार बहुत दमदार था.”
‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ को लेकर क्या बोले आमिर?
आमिर खान ने स्वीकार किया कि ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ के मामले में उन्होंने अपनी ही सोच के खिलाफ फैसला लिया था. उन्होंने कहा, “‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ की कहानी बहुत सामान्य थी. यह काफी हद तक ‘शोले’ जैसी थी.” आमिर ने आगे समझाया, “‘शोले’ में ठाकुर अपने परिवार की मौत का बदला लेना चाहता है और जय-वीरू उसकी मदद करते हैं. उसी तरह ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में जफीरा के परिवार को खत्म कर दिया जाता है और फिरंगी उसकी मदद करता है. यानी फिल्म की असली कहानी जफीरा की थी, फिरंगी की नहीं.”
“कास्टिंग की वजह से स्क्रिप्ट बदल दी गई”
आमिर खान ने खुलासा किया कि फिल्म की स्क्रिप्ट को लगातार बदला गया क्योंकि टीम को मनचाही कास्टिंग नहीं मिल पा रही थी. उन्होंने कहा, “हमसे एक बुनियादी गलती हो गई. कास्टिंग की वजह से हम बार-बार स्क्रिप्ट बदलते रहे. हमें ऐसा नहीं करना चाहिए था. अगर हमें पसंद की कास्टिंग नहीं मिल रही थी, तब भी स्क्रिप्ट नहीं बदलनी चाहिए थी.”
यह भी पढ़ें- 34 साल बाद बेटे ने खोला अमजद खान की मौत का राज, आखिरी पलों में क्या हुआ था ‘गब्बर’ के साथ?
The post ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ को आमिर खान ने बताया ‘शोले’ जैसी, बोले- दोनों का फॉर्मूला एक था appeared first on Naya Vichar.

