Mithila Rail Connectivity: मिथिला क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा दिलाने को लेकर राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई दिल्ली में मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने रेल सेवाओं के विस्तार और रेलवे आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर कई मांगें रखीं. सांसद ने रेल मंत्री को एक डिटेल्ड पत्र भी सौंपा. इस पर जल्द काम होने का आश्वासन मिला है.
संजय झा ने रेल मंत्री से माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी से अयोध्या धाम जंक्शन तक वंदे हिंदुस्तान एक्सप्रेस शुरू करने की मांग की. प्रस्तावित रूट रक्सौल और गोरखपुर होकर तय किया गया है. उनका कहना है कि इससे मिथिला और अयोध्या के बीच यात्रा काफी आसान हो जाएगी और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी.
आनंद विहार-लौकहा स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की मांग
सांसद ने दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से लौकहा तक चल रही स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन का दर्जा देने की मांग भी रखी. उन्होंने कहा कि इस ट्रेन को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, इसलिए इसे स्थायी रूप से चलाया जाना चाहिए ताकि लोगों को सफर में परेशानी न हो.
दरभंगा संपर्क क्रांति और अहमदाबाद ट्रेन विस्तार का प्रस्ताव
रेल मंत्री को दिए गए पत्र में दरभंगा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को झंझारपुर तक बढ़ाने की मांग की गई है. सांसद ने सुझाव दिया कि शुरुआत में इसे सप्ताह में तीन दिन चलाया जा सकता है. इसके अलावा अहमदाबाद-दरभंगा ट्रेन को वाचस्पति नगर तक विस्तार देने की भी मांग रखी गई.
मिथिला में बेहतर होगी रेल कनेक्टिविटी!
नई दिल्ली में कल शाम (20 मई को) माननीय केंद्रीय रेल मंत्री @AshwiniVaishnaw जी से मुलाकात कर मिथिला में रेलवे सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना के विकास के संबंध में विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान उन्हें एक पत्र भी सौंपा, जिस पर… pic.twitter.com/M3flKkB4Fe
— Sanjay Kumar Jha (@SanjayJhaBihar) May 21, 2026
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने पर जोर
मिथिला क्षेत्र में रेलवे ढांचे को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू करने का आग्रह किया गया है. इसमें हरनगर-हसनपुर रेल लाइन के निर्माण कार्य में तेजी लाने, तमुरिया स्टेशन को आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित करने और वहां गुड्स वर्क लाइन की स्वीकृति देने की मांग शामिल है. इसके साथ ही सकरी-झंझारपुर-फारबिसगंज रेलखंड के डबलिंग और तमुरिया से सुपौल नई रेल लाइन के सर्वेक्षण काम को जल्द पूरा कराने की भी मांग की गई है.
बिहार की ताजा समाचारों के लिए क्लिक करें
यात्रियों और क्षेत्रीय विकास को मिलेगा फायदा
संजय झा ने कहा कि अगर इन परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू होता है तो मिथिला क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी. इससे न केवल यात्रियों का सफर आसान होगा बल्कि क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और विकास को भी नई गति मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर सकारात्मक फैसला लेकर मिथिला को रेलवे के क्षेत्र में बड़ी सौगात देगा.
इसे भी पढ़ें: प्रशांत किशोर का प्रण, इस काम से पहले नहीं लौटेंगे घर, आश्रम से चलाएंगे अभियान
The post क्या मिथिलांचल को मिलेगी वंदे हिंदुस्तान? संजय झा ने अश्विनी वैष्णव को सौंपा इन ट्रेनों का नया रूट प्लान appeared first on Naya Vichar.

