निजी अस्पताल में इलाज जारी
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन:मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उदा गांव में गुरुवार की शाम अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का इलाज मुसरीघरारी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जेल चौक निवासी रवि पासवान के पुत्र जितेंद्र कुमार (28) अपनी पत्नी सीमा कुमारी को परीक्षा दिलवाने के लिए जितवारपुर कुम्हिरा स्थित बीआरकेसी कॉलेज गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।इसी दौरान उदा गांव के पास बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल में ठोकर मार दी, जिससे दोनों गिर गये। इसके बाद बदमाश ने हथियार तान दिया। बताया जाता है कि जितेंद्र कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश की पिस्टल पकड़ ली, जिसके बाद बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और अंत में चाकू से वार कर फरार हो गए।

घटना के बाद युवक की पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल मुसरीघरारी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है ।प्रत्यक्षदर्शी एवं पीड़ित की पत्नी सीमा कुमारी ने बताया कि हम लोग परीक्षा देकर घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने हमला कर दिया और मेरे पति को चाकू मारकर फरार हो गए।इस संबंध में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित द्वारा आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
