Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड में राज्यसभा चुनाव संपन्न हो गया. झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार बैजनाथ राम और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवाणी ने जीत हासिल की. वहीं, कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा को करारी हार का सामना करना पड़ा. नथवाणी के पास एनडीए के 24 वोट थे. वहीं उन्हें इस आंकड़े से छह वोट अधिक मिले. हालांकि नथवाणी को मिले दो वोट अवैध हो गये. झामुमो के बैजनाथ राम 30 वोट के साथ आसानी से राज्यसभा पहुंच गये हैं. कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा महज 20 वोट में सिमट गये. प्रणव के खाते में मिला एक वोट अवैध बताया जा रहा है.
झारखंड की आवाज को देश के मंच पर उठाऊंगा : बैजनाथ
राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम ने कहा कि झारखंड की आवाज को देश के मंच पर उठाऊंगा. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की आवाज वहां उठायेंगे. पार्टी के सिद्धांतों के प्रति मेरी आस्था है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पहली बार झारखंड से राज्यसभा के लिए किसी दलित प्रत्याशी को मौका मिला है. यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ही देन है.
झारखंड मेरे लिए नया नहीं, सेवा का फिर सौभाग्य मिला : नथवाणी
परिमल नथवाणी ने जीत के बाद कहा कि झारखंड मेरे लिए नया नहीं है. यहां के लोगों की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है. मेरा मुख्य ध्यान मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों पर होगा, जहां स्थायी आजीविका के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देना और कुटीर उद्योगों को पुनर्जीवित करना हमारा लक्ष्य है. श्री नथवाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए के सभी विधायकों के प्रति आभार जताया.
नवीन का पहला वोट, सुदिव्य सबसे आखिर में
कांग्रेस के विधायक बस पर सवार होकर सबसे पहले विधानसभा पहुंचे. कांग्रेस के विधायक झामुमो और घटक दलों का इंतजार करने लगे. इधर थोड़ी देर के बाद एनडीए के विधायक पहुंचे. एनडीए विधायक पहुंचते ही वोटिंग के लिए निकले. भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने सबसे पहले वोट किया. इसके बाद बारी-बारी से दूसरे विधायकों ने वोट डाला. इधर 10 बजे से झामुमो, माले और राजद के विधायकों का अलग-अलग आने का सिलसिला शुरू हुआ. इंडिया गठबंधन के विधायक रुक-रुककर वोट कर रहे थे. सबसे आखिरी में झामुमो के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने वोट डाले. आखिरी दूसरा वोट मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का था. दोपहर 1.35 तक सारे वोट पड़ गये थे.
ये भी पढ़ें…
कौन हैं कांग्रेस को पटखनी देने वाले परिमल नथवाणी? जानिए मुकेश अंबानी के ‘राइट हैंड’ की कहानी
कौन हैं बैजनाथ राम, जिन्होंने झारखंड से जीता राज्यसभा चुनाव?
The post झारखंड राज्यसभा चुनाव: जीत के बाद क्या बोले बैजनाथ राम और परिमल नथवाणी appeared first on Naya Vichar.