2000 के दशक में अगर सोशल मीडिया की बात होती थी, तो Orkut का नाम सबसे पहले आता था. खासकर हिंदुस्तान में इसकी पॉपुलैरिटी जबरदस्त थी. उस दौर में दोस्तों से जुड़ने, नए लोगों से मिलने और अपनी प्रोफाइल सजाने के लिए Orkut लोगों की पहली पसंद बन गया था. हालांकि, Google ने 2014 में इसे बंद कर दिया और इसके बाद Orkut धीरे-धीरे सिर्फ पुरानी याद बनकर रह गया.
लेकिन अब 10 साल से ज्यादा समय बाद Orkut की वापसी की उम्मीद जगी है. Orkut के फाउंडर ऑर्कुट बुयुक्कोक्टेन (Orkut Buyukkokten) ने एक नए सोशल नेटवर्क के लिए कैंपेन शुरू किया है. उनका फोकस ऐसे प्लेटफॉर्म पर है, जहां लोग सिर्फ फॉलोअर्स और लाइक्स के पीछे न भागें, बल्कि असली लोगों से जुड़ें, सच्चे रिश्ते बनाएं और एक-दूसरे के साथ जुड़ाव महसूस करें. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या Orkut एक बार फिर सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी जगह बना पाता है.
साल 2004 में शुरुआत हुई थी Orkut की
Orkut आखिर शुरू कैसे हुआ और कुछ सालों बाद ऐसा क्या हुआ कि Google को इसे बंद करना पड़ा? यह जानने के लिए कहानी को थोड़ा पीछे ले जाना होगा. साल 2004 में सोशल मीडिया की दुनिया में Friendster नाम का प्लेटफॉर्म तेजी से पॉपुलर हो रहा था. Google ने इसे खरीदने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो कंपनी ने अपना ही सोशल नेटवर्क लॉन्च करने का फैसला किया. इसी से जन्म हुआ Orkut का.
शुरुआत में Orkut ने लोगों का खूब ध्यान खींचा. लोग यहां नए दोस्त बनाने के साथ-साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों से जुड़ने लगे. देखते ही देखते इसके यूजर्स की संख्या लाखों में पहुंच गई. खास बात यह थी कि एक समय Orkut के यूजर्स Facebook से करीब तीन गुना ज्यादा थे.
क्यों बंद हुआ था Orkut?
Orkut जब अपने पीक पे था तभी सोशल मीडिया की दुनिया में Facebook की एंट्री हुई और कहानी धीरे-धीरे बदलने लगी. Facebook ने बेहद तेजी से लोगों के बीच अपनी जगह बनाई और करीब छह महीने के अंदर ही Orkut को पीछे छोड़ दिया. इसके बाद Facebook की पॉपुलैरिटी लगातार बढ़ती गई. साल 2012 तक वह सोशल नेटवर्किंग की दुनिया का सबसे बड़ा नाम बन चुका था.
इसके बावजूद Orkut ने तुरंत हार नहीं मानी. करीब एक दशक तक यह प्लेटफॉर्म लोगों के बीच बना रहा. लेकिन बदलती सोशल मीडिया की दुनिया और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म की बढ़ती पॉपुलैरिटी के बीच आखिरकार Google ने 2014 में Orkut को हमेशा के लिए बंद करने का फैसला कर लिया.
Orkut को दोबारा क्यों शुरू करना चाहते हैं ऑर्कुट बुयुक्कोक्टेन?
Büyükkökten का मानना है कि पिछले दो दशकों में इंटरनेट और सोशल मीडिया का यूज करने का तरीका काफी बदल गया है. उन्होंने याद दिलाया कि करीब 20 साल पहले उन्होंने शुरुआती सोशल नेटवर्क्स को बनाने में काम किया था. उस दौर के मुकाबले आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूजर्स का ध्यान ज्यादा से ज्यादा समय तक बनाए रखने पर फोकस्ड हो गए हैं.
अब जब AI इंटरनेट और लोगों के आपस में जुड़ने के तरीके को तेजी से बदल रहा है, Büyükkökten फिर से सोशल मीडिया के उस दौर की ओर लौटना चाहते हैं, जहां हर ऑनलाइन कनेक्शन के पीछे एक असली इंसान मौजूद होता था. उनका मानना है कि सोशल नेटवर्किंग का मकसद सिर्फ लोगों का ध्यान खींचना नहीं, बल्कि लोगों के बीच भरोसा, अपनापन और एक मजबूत कम्युनिटी तैयार करना होना चाहिए.
ये भी पढ़ें: Google ने पेश किया सबसे दमदार AI मॉडल Gemini 4 Argon, पर आम यूजर्स को अभी करना होगा इंतजार, जानें खासियतें और कीमत
The post जिस Orkut को Google ने 2014 में किया था बंद, क्या अब उसकी हो रही वापसी? फाउंडर ने शुरू किया कैंपेन appeared first on Naya Vichar.
