AI Accounting Test: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच अकाउंटिंग प्रोफेशन को लेकर भी नई बहस शुरू हो गई है. AI रिक्रूटिंग कंपनी Mercor की एक नई स्टडी में Claude Opus 5 ने कुछ जटिल अकाउंटिंग टास्क में अनुभवी प्रोफेशनल अकाउंटेंट्स से बेहतर प्रदर्शन किया है.
Mercor ने इस तुलना के लिए 12 लाइसेंस्ड CPA को शामिल किया. इन सभी के पास औसतन करीब साढ़े पांच साल का अकाउंटिंग अनुभव था. उन्हें महीने के अंत में होने वाले अकाउंटिंग काम से जुड़े चार टास्क दिए गए, जो वास्तविक कामकाजी परिस्थितियों पर आधारित थे. इनमें कंपनी की फाइलों से सही आंकड़े ढूंढना, गणना करना और नतीजे टेबल के रूप में तैयार करना शामिल था.
अमेरिका के CPA को हिंदुस्तान के CA से ऐसे समझें
CPA यानी अमेरिका में अकाउंटिंग का पेशेवर लाइसेंस हासिल करने वाले लोग. इसे आसान भाषा में ऐसे समझ सकते हैं कि हिंदुस्तान में CA (चार्टर्ड अकाउंटेंट) होते हैं, उसी तरह अमेरिका में CPA (Certified Public Accountant) होते हैं. दोनों की भूमिका काफी हद तक मिलती-जुलती है, हालांकि दोनों की पढ़ाई, परीक्षा और लाइसेंस के नियम अलग हैं.
10 मिनट से कम समय में 100% स्कोर
इस टेस्ट का नतीजा AI की मौजूदा क्षमता को दिखाता है. Claude Opus 5 ने किए गए सभी 20 प्रयासों में 100% स्कोर हासिल किया. उसने हर टास्क को 10 मिनट से भी कम समय में पूरा किया.
वहीं, टेस्ट देने वाले लोगों की सटीकता अलग-अलग प्रयासों में 0 से करीब 90% के बीच रही और उनका औसत स्कोर करीब 37% था. ज्यादातर लोगों को टेस्ट पूरा करने में 30 से 180 मिनट का समय लगा.
यानी साफ निर्देशों और तय तरीके से किए जाने वाले कामों में AI ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अकाउंटिंग के हर तरह के काम को लगातार और भरोसेमंद तरीके से करना अभी भी चुनौती है.
क्या सच में CA की नौकरी खतरे में है?
CA की नौकरी सिर्फ आंकड़े ढूंढने और गणना करने तक सीमित नहीं है. असल अकाउंटिंग काम में क्लाइंट से बात करना, सही सवाल पूछना, कारोबार की पूरी स्थिति समझना, नतीजों की जांच करना और उसके आधार पर फैसला लेना भी जरूरी होता है.
इनमें से कई चीजें इस टेस्ट का हिस्सा ही नहीं थीं. इसलिए 100% स्कोर को पूरी CA या अकाउंटेंट की नौकरी के बराबर मानना सही नहीं होगा. हालांकि, यह जरूर संकेत देता है कि अकाउंटिंग के कई दोहराए जाने वाले और तय तरीके से किए जाने वाले काम AI तेजी से संभाल सकता है.
AI से बदल सकता है अकाउंटिंग का काम
आने वाले समय में डेटा खोजना, शुरुआती गणना और कुछ तय तरीके वाले अकाउंटिंग टास्क AI संभाल सकता है. वहीं अकाउंटेंट्स को नतीजों की जांच, क्लाइंट से बातचीत, कारोबार की स्थिति समझने और अपने अनुभव के आधार पर फैसला लेने जैसे कामों पर ज्यादा ध्यान देना पड़ सकता है.
इसलिए इस स्टडी को “AI ने अकाउंटेंट्स की नौकरी खत्म कर दी” के तौर पर देखने के बजाय यह समझना ज्यादा सही होगा कि अकाउंटिंग के कुछ कामों में AI की रफ्तार और सटीकता तेजी से बढ़ रही है.
ये भी पढ़ें: Weekly Top Jobs: शिक्षक से पुलिस और रेलवे तक, देखें इस हफ्ते की ये प्रशासनी भर्तियां
The post AI vs Accountants: अकाउंटिंग टेस्ट में AI ने 12 प्रोफेशनल्स को पछाड़ा, क्या अब CA की नौकरी पर भी आएगी आफत? appeared first on Naya Vichar.

