Hot News

समस्तीपुर

बिहार, समस्तीपुर

ताजिया जुलूस को लेकर मुसरीघरारी चौक पर यातायात रहेगा बंद, प्रशासन ने जारी किए आठ वैकल्पिक मार्ग

मुसरीघरारी (समस्तीपुर)। मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस और श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मुसरीघरारी चौक पर निर्धारित समय के दौरान सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा जाम और विधि-व्यवस्था की समस्या से बचाव के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार 25 जून (गुरुवार) को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक मुसरीघरारी चौक होकर सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं 26 जून (शुक्रवार) को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7:30 बजे तक चौक से होकर किसी भी वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम के दौरान ताजिया के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुसरीघरारी चौक पर जुटते हैं। भीड़ के कारण चौक पर अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और विधि-व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने और यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है। निर्धारित वैकल्पिक मार्ग ➤ 1. समस्तीपुर से ताजपुर जाने वाले वाहन चार नंबर इनरा चौक से ग्राम विशंभरपुर एवं एलोथ होते हुए भट्टी चौक, एनएच-28 तक होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। ➤ 2. समस्तीपुर से दलसिंहसराय जाने वाले वाहन चार नंबर इनरा चौक से ग्राम गोहदा होते हुए हुंडैया पेट्रोल पंप, एनएच-28 तक वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करेंगे। ➤ 3. ताजपुर से समस्तीपुर आने वाले वाहन भट्टी चौक, एनएच-28 से ग्राम विशंभरपुर एवं एलोथ होते हुए चार नंबर इनरा चौक के रास्ते समस्तीपुर जा सकेंगे। ➤ 4. ताजपुर से पटोरी जाने वाले वाहन भट्टी चौक, एनएच-28 से ग्राम उदा पट्टी होते हुए मुसरीघरारी थाना मार्ग से पटोरी की ओर जा सकेंगे। ➤ 5. पटोरी से ताजपुर जाने वाले वाहन ग्राम उदा पट्टी होते हुए भट्टी चौक, एनएच-28 तक पहुंचकर ताजपुर की दिशा में आगे बढ़ेंगे। ➤ 6. पटोरी से दलसिंहसराय जाने वाले वाहन ग्राम बखरी होते हुए हुंडैया पेट्रोल पंप, एनएच-28 तक निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे। ➤ 7. दलसिंहसराय से समस्तीपुर जाने वाले वाहन ग्राम गोहदा होते हुए चार नंबर इनरा चौक के रास्ते समस्तीपुर की ओर जाएंगे। ➤ 8. दलसिंहसराय से पटोरी जाने वाले वाहन ग्राम बखरी होते हुए मुसरीघरारी थाना मार्ग से एनएच-322 तक पहुंचकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। प्रशासन ने की सहयोग की अपील प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों, वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों और समय के दौरान मुसरीघरारी चौक की ओर जाने से बचें तथा केवल चिन्हित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। इससे एक ओर ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगा, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों तथा वैकल्पिक मार्गों पर पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे, जो वाहनों को निर्धारित रूट के अनुसार मार्गदर्शन देंगे। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। मुहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। ऐसे में वाहन चालकों को यात्रा से पहले निर्धारित समय और रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बिहार, समस्तीपुर

मोहर्रम को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

मुसरीघरारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, यातायात व्यवस्था व सुविधाओं पर हुई चर्चा नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार शाम उदापट्टी गांव स्थित मॉडल थाना मुसरीघरारी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, मोहर्रम कमेटी के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों ने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले भ्रामक और फर्जी वीडियो से सावधान रहने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी गई। डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई : एएसपी बैठक को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय कुमार पांडे ने कहा कि मोहर्रम पर्व शांति और अनुशासन का पर्व है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई बार फर्जी वीडियो और भ्रामक संदेश प्रसारित किए जाते हैं। ऐसे संदेशों पर ध्यान देने के बजाय उसकी सूचना प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन के निर्देशानुसार डीजे और उच्च ध्वनि वाले साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध है। यदि किसी वाहन या जुलूस में डीजे बजाते हुए पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अफवाहों से बचें, प्रशासन को दें सहयोग : एसडीओ समस्तीपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) दिलीप कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सभी समुदायों के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी : बीडीओ सरायरंजन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद : सीओ सरायरंजन अंचलाधिकारी (सीओ) निशांत कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। नगर क्षेत्र में सफाई व रोशनी की होगी व्यवस्था : कार्यपालक पदाधिकारी मुसरीघरारी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन ने कहा कि मोहर्रम को देखते हुए नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सड़क किनारे बाधा बनने वाली पेड़-पौधों की टहनियों की कटाई भी कराई जाएगी, जिससे जुलूस के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव : थाना अध्यक्ष मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। 25 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक मुसरीघरारी चौक से वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं 26 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7:30 बजे तक चौक क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान खिलाड़ियों द्वारा पारंपरिक करतब प्रदर्शन और ताजिया मिलान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी ताकि आम लोगों को असुविधा न हो। कमेटी ने उठाई सुविधाओं की मांग बैठक में मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने मुसरीघरारी चौक पर फल विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान यहां भारी भीड़ जुटती है, इसलिए चौक को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना आवश्यक है। इसके अलावा चलंत शौचालय, मेडिकल टीम की तैनाती, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, पेयजल, पर्याप्त रोशनी तथा सड़क किनारे लटक रही पेड़-पौधों की टहनियों की कटाई कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई। वक्ताओं ने कहा कि मुसरीघरारी क्षेत्र हिंदू-मुस्लिम एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है। यहां दोनों समुदायों के लोग मिलकर मोहर्रम पर्व में भाग लेते हैं, जो सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है। बैठक में मणि प्रसाद सिंह, कमलेंद्र प्रसाद सिंह, मोहम्मद खुर्शीद आलम, मोहम्मद साहबजान, मोहम्मद हकीम, नसीम अब्दुल्ला, राहुल झा, फलिंदर राम, प्रमोद कुमार महतो, विद्याकर झा, भोलानाथ सिंह, चंदन कुमार चौधरी, बिरजू कुमार चौधरी समेत मोहर्रम कमेटी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

समस्तीपुर, स्वास्थ्य

बिना जांच आईपीवी का टीका लगाने का आरोप, चार माह के मासूम की मौ”त से मचा कोहराम

स्वजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने टीके से मौत की बात से किया इनकार नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड क्षेत्र की जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत के वार्ड सं. 2 में चार माह के एक मासूम की मौत के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शिशु को बिना स्वास्थ्य जांच के आईपीवी का टीका लगाया गया, जिसके अगले दिन उसे तेज बुखार आया और उसकी मौत हो गई।हालांकि,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने टीके से मौत होने की बात से इनकार किया है।मृतक की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के बरनामा गांव निवासी मो.सद्दाम के चार माह के पुत्र शाहनवाज के रूप में हुई है। उसकी मां रुखसाना खातून, जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी मो.वकील की पुत्री हैं। प्रसव के लिए वह अपने मायके आई थीं, जहां चार माह पूर्व उन्होंने शाहनवाज को जन्म दिया था। स्वजनों के अनुसार विगत 16 जून को स्थानीय आशा कार्यकर्ता शिशु को आईपीवी टीकाकरण के लिए ले गई। आरोप है कि बिना किसी स्वास्थ्य जांच के शिशु को टीका लगा दिया गया। इसके अगले दिन 17 जून की शाम शिशु को तेज बुखार हुआ और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वहीं इलाज के दौरान देर शाम में उसकी मौत हो गई।मासूम की मौत के बाद परिजनों ने आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि टीका लगाने से पहले शिशु की स्वास्थ्य जांच की गई होती, तो शायद यह हादसा नहीं होता। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायरंजन के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ .अमित कुमार ने बताया कि 16 जून को लगभग 11 बजे शिशु को आईपीवी का टीका लगाया गया था। करीब 24 घंटे बाद उसे बुखार आया और उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईपीवी टीके के कारण शिशु की मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है और दोनों घटनाओं को सीधे जोड़ना चिकित्सकीय रूप से उचित नहीं है। इधर, मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। रुखसाना खातून ने अपना इकलौता पुत्र खो दिया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि आसपास के लोग उन्हें ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

समस्तीपुर

बिहार पुलिस में चयनित 34 अभ्यर्थियों को किया गया सम्मानित

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित श्रीराम जानकी फिजिकल ग्राउंड में बिहार पुलिस में गुरुवार को चयनित 34 अभ्यर्थियों के सम्मान में सम्मान सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव रजनीकांत चौधरी एवं युवा जदयू के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इन युवाओं की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अभ्यर्थियों से कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख वीणा देवी, उप प्रमुख संजीव कुमार ठाकुर, फिजिकल ट्रेनर ऋतिक कुशवाहा, संचालक दीपक झा, अजय कुमार राय, पैक्स अध्यक्ष राम लाल झा, रामकरण कुशवाहा, अगम गुप्ता, सविता देवी, अशोक पासवान, मो. सरवर हुसैन, सुबोध कुमार, माधव झा, तंज़ील इमाम, मुकेश चौधरी, अविनाश पासवान, नवीन राय , राकेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं युवा उपस्थित रहे।

समस्तीपुर

खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को किया जागरूक 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड प्रखंड के हरसिंगपुर स्थित कृषि फार्म में गुरुवार को पूसा विरौली से आए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के साथ बैठक की। बैठक में विज्ञान केंद्र बिरौली कृषि विभाग के वैज्ञानिकों ने खेत बचाव अभियान के तहत जैविक विधि से खेती करने के लिए किसानों को जागरूक किया । वैज्ञानिकों ने उपस्थित किसानों को बताया कि खेतों में किसान बेतहाशा रसायनिक खाद का प्रयोग कर रहे हैं,जिस कारण खेती की शक्ति दिनों दिन घटती जा रही है। इसलिए आप सभी किसान अधिक से अधिक खल्ली, गोबर एवं राख देकर प्राकृतिक खेती करें। वैज्ञानिकों ने किसानों को यह सलाह दी कि खेतों में कोई भी फसल लगाने से पहले मिट्टी की जांच जरूर कराएं। मिट्टी जांच कराने से खेतों की शक्ति की जानकारी मिलती है।मौके पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी प्रमोद सहनी, बिरौली कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुमित कुमार सिंह आदि ने जागरूक किया। बैठक में राम प्रसाद राय, भागवत राय, वशिष्ठ पासवान, नथुनी राय, चंचल कुमार यादव, विकास पासवान आदि दर्जनों किसानों ने भाग लिया।

समस्तीपुर

प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में उमड़ी लाभार्थियों की भीड़, कई आवेदनों का हुआ त्वरित निष्पादन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लाभार्थी पहुंचे और विभिन्न प्रशासनी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए प्रखंड एवं जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।शिविर में पहुंचे लाभार्थियों चनिया देवी, संजीव कुमार, दीपक कुमार, सुनील कुमार राय समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से आम जनता को काफी राहत मिलती है। उन्हें विभिन्न कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता और कई कार्य एक ही स्थान पर आसानी से संपन्न हो जाते हैं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्त्री रोजगार योजना के अंतर्गत शोभिया देवी, चंद्रकला देवी, कंचन देवी, खुशबू देवी, रेहाना खातून एवं शांति देवी के आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जिससे लाभार्थियों में खुशी देखी गई।शिविर में राजस्व पदाधिकारी विश्वजीत कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) संजय कुमार सिंह, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (जीविका) मुकेश कुमार, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी शंभू पासवान, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सरायरंजन शाखा प्रबंधक आशीष कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, भाजपा नेता मणि प्रसाद सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी शिविर में भाग लिया और लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग किया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। अधिकारियों ने लोगों से प्रशासनी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

बिहार, समस्तीपुर

सीएसबीसी सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु समस्तीपुर मंडल से परीक्षा विशेष ट्रेनों का परिचालन

मधुबनी, मुजफ्फरपुर एवं बेतिया से पटना के लिए 14 जून को चलेंगी चार विशेष ट्रेनें, परीक्षार्थियों को मिलेगी आवागमन में सुविधा नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पदों हेतु आयोजित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल द्वारा दिनांक 14 जून 2026 को मंडल के विभिन्न स्टेशनों से पटना (पाटलिपुत्र) के लिए परीक्षा विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उक्त परीक्षा 14 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। समस्तीपुर मंडल क्षेत्राधिकार अंतर्गत परीक्षा केंद्र मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया तथा सुपौल जिलों में निर्धारित किए गए हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन की संभावना को देखते हुए रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया गया है। परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु निम्नलिखित परीक्षा विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा— 1. मधुबनी – पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन यह विशेष ट्रेन दिनांक 14 जून 2026 को मधुबनी से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान करेगी तथा दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर एवं हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी। 2. बेतिया – पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन (प्रथम फेरा) यह विशेष ट्रेन बेतिया से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान करेगी तथा बेतिया–मुजफ्फरपुर–हाजीपुर मार्ग से होकर पाटलिपुत्र पहुंचेगी। 3. बेतिया – पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन (द्वितीय फेरा) परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए बेतिया से एक अन्य विशेष ट्रेन सायं 18:00 बजे चलाई जाएगी, जो मुजफ्फरपुर एवं हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी। 4. मुजफ्फरपुर – पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन यह विशेष ट्रेन मुजफ्फरपुर से सायं 18:00 बजे प्रस्थान करेगी तथा हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी।

बिहार, समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल में सघन टिकट जांच अभियान, विभिन्न रेलखंडों एवं स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चलाकर राजस्व संरक्षण पर दिया गया बल

रेल प्रशासन ने यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की, अभियान आगे भी रहेगा जारी नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल द्वारा दिनांक 09.06.2026 को मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेलखंडों एवं स्टेशनों पर “सघन टिकट जांच अभियान” चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, जयनगर, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा तथा पूर्णिया कोर्ट सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों एवं रेलखंडों पर व्यापक टिकट जांच की गई। इस अभियान के दौरान कुल 6,770 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे ₹55.50 लाख रुपये का जुर्माना एवं अतिरिक्त रेल राजस्व की प्रप्ति हुई| इस विशेष जांच अभियान में कुल 254 टिकट जांच कर्मियों (टीटीई) के साथ रेलवे सुरक्षा बल तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल’26 से मई’ 26 तक में बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से नियमित टिकट जाँच के अलावे 81 किलाबंदी जाँच, 44 स्पॉट चेक, 16 मेगा चेक, 01 लाल गाड़ी चेक, 05 बस रेड तथा 05 मजिस्ट्रेट टिकट जाँच अभियान चलाये गये जिसके फलस्वरूप उपरोक्त अवधि l(अप्रैल’26 से मई’ 26) में कुल 1.86 लाख बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे ₹13.89 करोड़ रुपये का जुर्माना एवं अतिरिक्त किराया वसूला गया। विदित हो कि बिना टिकट यात्रा न केवल रेलवे राजस्व को क्षति पहुँचाती है, बल्कि इसका प्रतिकूल प्रभाव रेलवे जैसी देश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था एवं विकास कार्यों पर भी पड़ता है। रेलवे द्वारा अर्जित राजस्व का उपयोग यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, ट्रेनों के परिचालन तथा आधारभूत संरचना के विकास में किया जाता है। बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण ईमानदारीपूर्वक टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी भीड़, असुविधा एवं सीट उपलब्धता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

समस्तीपुर

समस्तीपुर में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, शिक्षक से निलंबन हटाने के नाम पर 5 लाख घूस मांगने वाला चकबहुद्दीन पंचायत का मुखिया सिया राम राय 1.20 लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, पंचायत सचिव मौके से फरार

नया विचार न्यूज़। समस्तीपुर जिले में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत चकबहुद्दीन पंचायत के मुखिया सिया राम राय को 1 लाख 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार, एक शिक्षक से निलंबन मुक्त कराने के नाम पर कुल 5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपों को सत्य पाए जाने पर जाल बिछाया। इसी क्रम में आज शिक्षक से 1 लाख 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मुखिया सिया राम राय को गिरफ्तार कर लिया गया।कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद पंचायत सचिव फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। घटना के संबंध में आवेदक शिक्षक अब्दुल मन्नान का बताना है कि वह प्राइमरी स्कूल चकबहाउद्दीन मोहन वार्ड 7 दलसिंहसराय में पदस्थापित थे । 2024 में उन पर एक एससी-एसटी और पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और उसे निलंबित किया गया था हालांकि 2025 में कोर्ट ने उसे बरी कर दिया ।इसके बाद कोर्ट ने आदेश दिया था की मुखिया निलंबन वापस करें लेकिन मुखिया के द्वारा निलंबन वापस करने के लिए पांच लाख की मांग की जाने लगी इसके साथ ही पंचायत सचिव भी रुपए की मांग करने लगे । जिस कारण तंग होकर उसने निगरानी की शरण ली, योजना के अनुसार इन्होंने तय राशी से कम 1लाख 20हजार रुपए देने के लिए अपने दुकान दलसिंहसराय गुदरी रोड पर बुलाया इसके अलावा पंचायत सचिव के लिए 20 हजार भी अलग से दिया गया था राशि देने के तुरंत बाद ही निगरानी की टीम मौके पर पहुंची और मुखिया को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया हालांकि पंचायत सचिव मौके से फरार हो गया । जिसकी निगरानी की टीम अभी तलाश कर रही है निगरानी डीएसपी अमरेंद्र प्रसाद विद्यार्थी ने बतलाया कि शिक्षक मन्नान की ओर से निगरानी में शिकायत की गई थी ।शिकायत की जांच की गई मामले की सत्यता पाई गई ।उसके बाद निगरानी ने योजना अनुसार मुखिया को राशि देने के लिए बुलाया इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया हालांकि इस दौरान पंचायत सचिव अजीत कुमार मौके से फरार हो गया।

समस्तीपुर

सरायरंजन थाने में पदस्थापित प्रशिक्षु आईपीएस अनिकेत कुमार द्विवेदी की भावपूर्ण विदाई

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : सरायरंजन थाना परिसर में शनिवार की शाम प्रशिक्षु आईपीएस अनिकेत कुमार द्विवेदी को भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि आज सरायरंजन थाना क्षेत्र के लिए एक बेहद भावुक और महत्वपूर्ण क्षण है। प्रशिक्षु आईपीएस अनिकेत कुमार त्रिवेदी ने अपने छोटे से कार्यकाल में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुधारने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने का जो सराहनीय कार्य किया है, वह वाकई प्रेरणादायक है। एक पुलिस अधिकारी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि जब वह किसी क्षेत्र से विदा ले, तो जनता और मातहत कर्मचारियों के दिलों में उसके प्रति अगाध सम्मान हो और विदाई के समय सबकी आंखें नम हों। वहीं सदर डीएसपी ने संजय कुमार पांडे ने उनके कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव और कुशल नेतृत्व को याद करते रखते हुए उनके आगामी सुनहरे भविष्य एवं उनके नए सफल कार्यकालों के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह आगे जहां भी जाएंगे, अपनी बेहतर सेवाएं देंगे। और इसी तरह न्याय और जन सेवा की एक नई मिसल पेश करते रहेंगे। मौके पर मुख्यालय डीएसपी दिवाकर कुमार, इंस्पेक्टर संदीप कुमार, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, घटहो थानाध्यक्ष रजनीश रंजन, एसआई रविकांत कुमार रवि, आनंद कुमार सिंह, कैलाश प्रसाद यादव, विनोद गुप्ता, रजनीश कुमार, प्रमुख वीणा कुमारी, उपप्रमुख संजीव ठाकुर, मुखिया राजीव कुमार झा, मो. अलाउद्दीन, राम कुमार झा,नीरज झा, बैजनाथ ठाकुर, गुड्डू राय, संजय कुमार शहीद दर्जनों गणमान्य मौजूद रहे।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top