Hot News

समस्तीपुर

आस्था, समस्तीपुर

श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का कथा सुन भाव विभोर हुए श्रोता

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के झखड़ा पतैली में जारी श्री विष्णु महायज्ञ के छठे दिन कथावाचिका साध्वी साक्षी श्यामाजी ने श्रीभागवत कथा के दौरान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि लीला और क्रिया में अंतर होता है। अभिमान तथा सुखी रहने की इच्छा प्रक्रिया कहलाती है। इसे ना तो कर्तव्य का अपमान है और ना ही सुखी रहने की इच्छा, बल्कि दूसरों को सुखी रखने की इच्छा को लीला कहते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने यही लीला की, जिससे समस्त गोकुलवासी सुखी और संपन्न थे।उन्होंने कहा कि माखन चोरी का आशय मन की चोरी से है। कन्हैया ने मन की चोरी की। उन्होंने तमाम बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए उपस्थित श्रोताओं को वात्सल्य प्रेम में सराबोर कर दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेने पर कंस उनकी मृत्यु के लिए राज्य की सबसे बलवान राक्षसी पूतना को भेजता है। राक्षसी पूतना भेष बदलकर भगवान श्रीकृष्ण को अपने स्तन से जहरीला दूध पिलाने का प्रयास करती है, परंतु भगवान उसका वध कर देते हैं। इसी प्रकार कार्तिक माह में बृजवासी भगवान इंद्र को प्रसन्न रखने के लिए पूजन कार्यक्रम की तैयारी करते हैं,परंतु भगवान श्रीकृष्ण उनको इंद्र की पूजा करने से मना कर देते हैं और गोवर्धन की पूजा करने को कहते हैं। यह बात सुनकर भगवान इंद्र नाराज हो जाते हैं और गोकुल को बहाने के लिए भारी वर्षा करते हैं। भारी वर्षा देखकर भगवान श्रीकृष्ण कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी लोगों को उसके नीचे छिपा लेते हैं। इससे भगवान इंद्र का अभिमान चकनाचूर हो जाता है। वहीं मथुरा को कंस के आतंक से बचने के लिए भगवान श्रीकृष्ण कंस का वध कर देते हैं। मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष गणेश पाठक, सचिव राहुल झा सहित रामबाबू झा, शशिभूषण झा, टुनटुन झा, श्री नारायण झा, राज नारायण झा, अशोक कुमार झा, फेकन झा, मोद नारायण झा, कृष्ण कन्हैया झा, प्रवीण कुमार झा, विनोद साह, सुंदरेश्वर शर्मा एवं समस्त ग्रामीण सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।

समस्तीपुर

अज्ञात वाहन की ट’क्क’र से माँ-बेटे की मौ”त, पति गंभीर रूप से घा’यल

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन (समस्तीपुर)। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (एनएच-28) पर गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में माँ-बेटे की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर मोहम्मद गांव निवासी दीपक पोद्दार अपनी पत्नी उपासना पोद्दार (35) और 15 वर्षीय पुत्र आर्यन पोद्दार के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर गांव स्थित एक नर्सरी के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि उपासना पोद्दार और उनके पुत्र आर्यन पोद्दार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे दीपक पोद्दार (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल दीपक पोद्दार को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-28 पर तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे और सड़क सुरक्षा उपायों की कमी पर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने जल्द ही फरार वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

समस्तीपुर

गाड़ी सं. 15507/15508 दरभंगा-पाटलिपुत्र-दरभंगा मेमू इंटरसिटी का बाजपट्टी एवं डुमरा स्टेशनों पर ठहराव

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर:  यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर समस्तीपुर मंडल के बाजपट्टी और डुमरा स्टेशनों पर गाड़ी सं. 15507/15508 दरभंगा- पाटलिपुत्र-दरभंगा मेमू इंटरसिटी का अस्थायी तौर पर 02 मिनट का ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया गया है । दिनांक 01.06.2026 से गाड़ी सं. 15508 पाटलिपुत्र-दरभंगा मेमू इंटरसिटी 22.43/22.45 बजे डुमरा तथा 23.34/ 23.36 बजे बाजपट्टी स्टेशनों पर रूकते हुए आगे के लिए प्रस्थान करेगी । इसी तरह दिनांक 02.06.2026 से गाड़ी सं. 15507 दरभंगा-पाटलिपुत्र मेमू इंटरसिटी 03.49/03.51 बजे बाजपट्टी तथा 04.25/04.27 बजे डुमरा स्टेशनों पर रूकते हुए आगे के लिए प्रस्थान करेगी ।  

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में युवक पर चा”कू से ह”मला, परीक्षा दिलवाकर पत्नी के साथ घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने बनाया निशाना

निजी अस्पताल में इलाज जारी नया विचार न्यूज़ सरायरंजन:मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उदा गांव में गुरुवार की शाम अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का इलाज मुसरीघरारी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जेल चौक निवासी रवि पासवान के पुत्र जितेंद्र कुमार (28) अपनी पत्नी सीमा कुमारी को परीक्षा दिलवाने के लिए जितवारपुर कुम्हिरा स्थित बीआरकेसी कॉलेज गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।इसी दौरान उदा गांव के पास बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल में ठोकर मार दी, जिससे दोनों गिर गये। इसके बाद बदमाश ने हथियार तान दिया। बताया जाता है कि जितेंद्र कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश की पिस्टल पकड़ ली, जिसके बाद बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और अंत में चाकू से वार कर फरार हो गए। घटना के बाद युवक की पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल मुसरीघरारी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है ।प्रत्यक्षदर्शी एवं पीड़ित की पत्नी सीमा कुमारी ने बताया कि हम लोग परीक्षा देकर घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने हमला कर दिया और मेरे पति को चाकू मारकर फरार हो गए।इस संबंध में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित द्वारा आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बिहार, समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल में सघन टिकट जांच अभियान, विभिन्न रेलखंडों एवं स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चलाकर राजस्व संरक्षण पर दिया गया बल

बिना टिकट यात्रा से रेलवे को आर्थिक क्षति के साथ ईमानदार यात्रियों को भी होती है असुविधा नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – समस्तीपुर मंडल द्वारा दिनांक 19.05.2026 को मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेलखंडों एवं स्टेशनों पर *“सघन टिकट जांच अभियान*” चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, जयनगर, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा तथा पूर्णिया कोर्ट सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों एवं रेलखंडों पर व्यापक टिकट जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 6,833 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया तथा उनसे लगभग ₹59.54 लाख रुपये का जुर्माना एवं अतिरिक्त किराया वसूला गया। इस विशेष जांच अभियान में कुल 281 टिकट जांच कर्मियों (टीटीई) के साथ रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग एवं अन्य संबंधित शाखाओं के कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। विदित हो कि बिना टिकट यात्रा न केवल रेलवे राजस्व को क्षति पहुँचाती है, बल्कि इसका प्रतिकूल प्रभाव रेलवे जैसी देश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था एवं विकास कार्यों पर भी पड़ता है। रेलवे द्वारा अर्जित राजस्व का उपयोग यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, ट्रेनों के परिचालन तथा आधारभूत संरचना के विकास में किया जाता है। बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण ईमानदारीपूर्वक टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी भीड़, असुविधा एवं सीट उपलब्धता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में ट्रैफिक पुलिस पर अवैध वसूली एवं मारपीट का आरोप

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में नो एंट्री व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुसरीघरारी से समस्तीपुर जाने वाली हैवी वाहनों की नो एंट्री सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहती है, लेकिन अक्सर आरोप लगते रहे हैं कि पैसे लेकर प्रशासन द्वारा वाहनों को प्रवेश कराया जाता है। सोमवार को मुसरीघरारी में ताजा मामला सामने आया, जहां आरोप है कि पैसे लेकर एक वाहन को नो एंट्री के दौरान पास कराया गया, जबकि दूसरे वाहन चालक को जाने से रोकने पर उसके साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि चालक को डंडे से मारा गया जिससे उसके हाथ में चोट आई। घटना के बाद वहां अफरातफरी का माहौल बन गया और जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नो एंट्री के समय भारी वाहनों के प्रवेश से मुसरीघरारी चौक पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि चौराहे पर तैनात कई सिपाहियों की वर्दी पर नेम प्लेट नहीं है और न ही उनके पास कोई पहचान पत्र दिखाई देता है। वाहन चालकों ने पैसे लेकर नो एंट्री में एंट्री कराने एवं मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। इधर आरोपित पुलिस प्रीति कुमारी ने बताया कि उन्होंने आत्म सुरक्षा के लिए गाड़ी के शीशे पर लाठी चलाई थी, जो फुटकर उनके हाथ में जा लगी है। उनके साथ मारपीट करने एवं घायल करने का उनका कोई इरादा नहीं था। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई करता है।

समस्तीपुर

समस्तीपुर जिला अधिकारी ने कहा समय सीमा के अंदर आवेदनों का निष्पादन नहीं होगा तो होगी अधिकारीयों पर कार्रवाई

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर-  जिलाधिकारी समस्तीपुर रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में सहयोग पोर्टल एवं सहयोग शिविर के संबंध में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कर संबंधित आवेदकों को उसकी सूचना भी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सहयोग पोर्टल एवं सहयोग शिविर प्रशासन की अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध अनिवार्य रूप से अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि सहयोग शिविर की प्रथम तिथि 19 मई 2026, मंगलवार निर्धारित की गई है। इसके उपरांत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होगी। बैठक में सूर्य प्रताप सिंह, ब्रजेश कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी समाहरणालय सभागार से उपस्थित रहे, जबकि अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे.

समस्तीपुर

स्वास्थ्य केंद्रों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी का बड़ा अभियान; वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– जिलाधिकारी, समस्तीपुर के विशेष निर्देश पर आज जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु एक व्यापक ‘पुनः जांच’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के 102 स्वास्थ्य केंद्रों (PHC/APHC) का औचक निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और प्रशासनिक अनुशासन को सुनिश्चित किया जा सके। प्रमुख अधिकारियों को सौंपी गई कमान: जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें प्रमुख नाम निम्नलिखित हैं: श्री आशुतोष आनन्द (परियोजना पदाधिकारी-सह-निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन): इनके द्वारा स्वा० उपकेन्द्र भागिरथपुर एवं परतापुर की जांच की जा रही है। जिला कल्याण पदाधिकारी: इन्हें सरायरंजन एवं उजियारपुर के स्वास्थ्य केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई है।पुष्पिता झा एवं श्री संदीप झा (वरीय उप समाहर्ता): ये अधिकारी क्रमशः बासुदेवपुर, भागिरथपुर और आयुर्वेदिक औषधालय, समस्तीपुर की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO): विभिन्न प्रखंडों के BDO जैसे श्री सुप्रभात कुमार (कल्याणपुर), श्री अजमल प्रवेज (वारिसनगर) और श्री विजय कुमार चन्द्रा (खानपुर) अपने-अपने क्षेत्रों के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की गहन जांच कर रहे हैं। अंचल अधिकारी (CO) एवं राजस्व अधिकारी: श्रीमती पल्लवी (पूसा), सुश्री आरती कुमारी (ताजपुर) और श्रीमती प्रीति कुमारी मिश्रा (दलसिंहसराय) जैसे अधिकारी भी आवंटित केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता और कर्मियों की उपस्थिति की जांच कर रहे हैं। जाँच के मुख्य बिंदु: जिलाधिकारी ने सभी जाँच अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे निम्नलिखित बिंदुओं पर केंद्रित रिपोर्ट आज अपराह्न 02:00 बजे तक समर्पित करें: उपस्थिति: चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की समय पर उपस्थिति। दवा भंडार: आवश्यक दवाओं का स्टॉक और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता। बुनियादी ढांचा: पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और मरीजों के बैठने की व्यवस्था। उपकरण: चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और रख-रखाव। प्रशासनिक संकल्प: जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विभागीय निर्देशों के आलोक में यह दूसरी बार की जा रही जांच (Follow-up Inspection) है। इसका मुख्य उद्देश्य यह देखना है कि 23 अप्रैल की जांच के बाद कमियों में कितना सुधार हुआ है। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों या अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समस्तीपुर

दो राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: बंगाल,असम और पाण्डुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा सरायरंजन दक्षिणी के कार्यकर्ता बंधुओं ने सोमवार को जीत का जश्न अपने मण्डल के खजुरी चौक पर मनाया। कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी पर मिठाइयां भी बांटी। मौके पर मंडल भाजपा अध्यक्ष बबलू झा, मंडल उपाध्यक्ष रणजीत राय, महामंत्री दुर्गा सिंह, प्रेम कुमार उर्फ हरि प्रसाद, संजीत सिंह, मुरारी सिंह,गुड्डू साह,संजीत राय, कुंदन सिंह,अशोक ठाकुर साहित्य दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

समस्तीपुर

उमावि लाटबसेपुरा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लाटबसेपुरा में सोमवार को डॉ. मदन प्रसाद छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रतिभा सम्मान समारोह का भावपूर्ण आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव एवं प्रधानाध्यापक अनन्त कुमार राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना अनुकरणीय तथा प्रशंसनीय कार्य है। ऐसे समारोह के आयोजन से अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलती है। मुजफ्फरपुर जिले में कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा के पद पर कार्यरत विपुल कुमार ने कहा बच्चों को माध्यमिक स्तर से ही कैरियर काउंसलिंग देना वक्त की मांग है। इससे उन्हें जॉब ओरिएंटेड शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी। समारोह के आयोजनकर्ता शिवेश ने कहा कि यह छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2018 से लगातार प्रति वर्ष उनके पिताजी की स्मृति में इस विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को संचालित है। अगले साल से इंटरमीडिएट परीक्षा के भी मेधावी बच्चों को इसमें शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले क्रमशः अनीष कुमार शर्मा को 5100 रूपए, शिवानी कुमारी को 3500 रूपए तथा मनीष कुमार को 2500 रूपए नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण 43 अन्य छात्र-छात्राओं को दीवार घड़ी प्रदान की गई। मौके पर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक कुमार पाण्डेय, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद सिंह, पैक्स अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, डाकबाबू संजय कुमार, शिक्षक गंगा नारायण विद्यार्थी, नागमणि आशुतोष,शेखर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top