UP Murder: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक नवविवाहिता की हत्या उसके पति ने कर दी. आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने ही घर के कमरे में दफना दिया. घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने खुद फोन कर मृतका के मायके वालों को वारदात की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घर की खुदाई कर शव को बाहर निकाला.
फोन कॉल से खुला राज
मृतका की पहचान संतकबीरनगर जिले के दसहवां गांव निवासी मुफीदुन के रूप में हुई है. उसकी मां तस्नीबुन्निशा का आरोप है कि दामाद ने फोन कर कहा कि उसने उनकी बेटी की हत्या कर दी है और शव को घर में दफना दिया है. यह सूचना मिलते ही परिवार के होश उड़ गए. मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई.
घर के कमरे की खुदाई में मिला शव
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव में पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम पहुंची. क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में घर के एक कमरे की खुदाई कर दफन शव को बाहर निकाला गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके.
दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. उनका कहना है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गई. क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी समेत संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में हंगामा करने वाले लखनऊ विश्वविद्यालय के दो छात्र गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
The post UP के सिद्धार्थनगर से दिल दहलाने वाली समाचार, शादी के डेढ़ महीने बाद स्त्री की हत्या कर कमरे में दफनाया शव appeared first on Naya Vichar.

