Flydubai Cockpit Attack: फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मछार ने 30 सितंबर को विमान के कॉकपिट में हुई घटना को लेकर नई जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने उड़ान के दौरान नमाज पढ़ने की बात कही और अपनी सीट से उठ गया. कैप्टन स्मित को लगा कि वह उनके पीछे नमाज अदा कर रहा है, इसलिए उन्होंने सम्मान के तौर पर पीछे मुड़कर नहीं देखा.
कैप्टन मच्छार ने कहा- मेरे सिर के पीछे हुआ जोरदार हमला
कैप्टन मच्छार ने बताया कि करीब चार से पांच मिनट बाद अचानक उनके सिर के पीछे जोरदार वार किया गया. इसके बाद उन्हें पता चला कि हमला को-पायलट ने किया था. स्मित मछार ने बताया कि हमले में जिस कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया, वह विमान में आपात स्थिति के लिए रखे जाने वाले उपकरणों में शामिल थी.
यह एक सामान्य उड़ान थी, और वह प्रार्थना करना चाहता था, जो कोई असामान्य बात नहीं है. जब वह प्रार्थना कर रहा था, तो सम्मान के कारण मैं आगे देख रहा था, पीछे नहीं, और अचानक मेरे सिर के पिछले हिस्से पर ज़ोरदार प्रहार हुआ. मेरा पहला विचार था कि विमान को भारी नुकसान हुआ है और कुछ गड़बड़ है. लेकिन फिर, उसके बाद, प्रहार एक के बाद एक आते रहे- कैप्टन मच्छार
लगातार वार के बाद धुंधली हो गई नजर
कैप्टन स्मित ने बताया कि उन्होंने हमलावर को रोकने की कोशिश की. शुरुआती वार इतने तेज थे कि उनकी नजर लगभग धुंधली हो गई. इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा. करीब दो मिनट में विमान लगभग 16,000 फीट नीचे आ गया. इसके बाद हाइजैकिंग से जुड़ा डिस्ट्रेस सिग्नल भी भेजा गया.
मैंने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसके शुरुआती वारों के कारण मेरी दृष्टि लगभग धुंधली हो गई थी. सब कुछ पूरी तरह से अस्पष्ट हो गया था. उस समय मुझे जो महसूस हुआ, वह यह था कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा था. मेरी याददाश्त अभी भी टुकड़ों में बंटी हुई है, लेकिन उस समय की जो बातें मुझे याद हैं, वे यही हैं- कैप्टन मच्छार
कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की
कैप्टन मच्छार ने बताया कि उन्होंने एक बार कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उसे फिर बंद कर दिया. इसके बाद वह कॉकपिट के फर्श पर गिर गए. उन्हें विमान के तेजी से नीचे जाने की आवाज सुनाई दे रही थी. बाहर से यात्रियों के चीखने की आवाजें भी आ रही थीं.
बोले कैप्टन मच्छार- मेरे अंदर एक आखिरी लड़ाई बाकी थी
कैप्टन स्मित ने कहा कि उस समय उन्हें लगा कि उनके पास एक आखिरी कोशिश बची है. उन्होंने पूरी ताकत लगाकर एक बार फिर कॉकपिट के दरवाजे तक पहुंचने की कोशिश की. इस बार वह दरवाजा खोलने में सफल रहे. दरवाजा खुलते ही बाहर इंतजार कर रहे लोग कॉकपिट में घुस गए और हमलावर को काबू में कर लिया.
मैंने एक बार दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन मुझे लगता है कि उसने उसे फिर से बंद कर दिया. और उस समय, मुझे याद है कि मैं कॉकपिट के फर्श पर लेटा हुआ था. मुझे विमान की गड़गड़ाहट, तेज हवा की आवाज और लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं. मुझमें लड़ने की आखिरी ताकत बची थी और तभी मैंने अपनी पूरी ताकत लगा दी, अपनी सारी शक्ति का इस्तेमाल किया और दरवाजे की ओर दौड़ा और दरवाजा खोल दिया- कैप्टन मच्छार
यात्रियों और क्रू ने संभाली स्थिति
इसके बाद फ्लाइट क्रू और यात्रियों ने हमलावर को पकड़ लिया. विमान में मौजूद दो ऐसे पायलटों ने भी मदद की, जो उस समय ड्यूटी पर नहीं थे. उन्होंने विमान का नियंत्रण संभालने में मदद की. बाद में विमान को सऊदी अरब के तबूक में इमरजेंसी लैंड कराया गया. फ्लाइट में कुल 180 लोग सवार थे. सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने की कैप्टन स्मित की तारीफ
घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की. नेतन्याहू ने मुश्किल हालात में उनके साहस और समझदारी की तारीफ की. उन्होंने कैप्टन स्मित को हिंदुस्तान, इजरायल और पूरी दुनिया का हीरो बताया. नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल के अगले स्वतंत्रता दिवस पर मशाल जलाने के लिए आमंत्रित भी किया.
30 सितंबर को हुई थी घटना
यह घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई थी. न्यूज एजेंसी एएनआई की जानकारी के मुताबिक ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित पर हमला किया और विमान को गिराने की कोशिश की. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हार नहीं मानी. उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद दूसरे लोगों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू में कर लिया.
Also Read: पायलट स्मित मच्छार पर अल-हमामी ने किया था कुल्हाड़ी से हमला, जानें ओमान के ‘रेड फ्लैग’ वाले को-पायलट का पूरा करियर ट्रैक
The post कैप्टन स्मित ने सुनाई कॉकपिट की खौफनाक कहानी, कहा- नमाज के बहाने उठा को-पायलट और सिर पर कुल्हाड़ी से कर दिया वार appeared first on Naya Vichar.

