नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : सरायरंजन बाजार के कॉलेज रोड स्थित बंधन बैंक में हुई लूट कांड का मंगलवार की दोपहर मिथिला रेंज के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने गहन जांच की। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को इस मामले के जल्द खुलासे के सख्त निर्देश दिए। डीआईजी ने बैंक के इर्द-गिर्द लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से देखा, ताकि लुटेरों के हुलिए और भागने की दिशा का सुराग मिल सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर को विशेष टीम बनाकर छापेमारी करने का निर्देश दिया ।
उन्होंने इस बात की भी जांच की कि लूट के समय बैंक के सुरक्षा मानक क्या थे और गार्ड की तैनाती में क्या कमी रही। डीआईजी ने स्थानीय थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडे से घटना के समय की परिस्थितियों पर विस्तृत रिपोर्ट ली। घटना के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस के पास कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इस कांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटी गई राशि बरामद कर ली जाएगी। इधर, बंधन बैंक के प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया इस घटना को लेकर बैंक प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि इस लूट कांड को लेकर एलएसओ सोनू कुमार के लिखित बयान पर सरायरंजन थाना कांड संख्या 101/26 दर्ज कराई गई है। प्राथमिक में पांच अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। उन्होंने बताया कि आज बैंक में आम दिनों की तरह ही काम हो रहा है। आज सभी एक दर्जन कर्मचारी बैंक में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के अभाव में काफी कठिनाई हो रही है।
