Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि हिमाचल प्रदेश में 26 मार्च को जबकि उत्तराखंड में 27 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 26 मार्च को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 30–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
झारखंड का कैसा रहेगा मौसम?
झारखंड में 24 से 29 मार्च के दौरान मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा. शुरुआती दिनों (23–25 मार्च) में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 26 मार्च को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है. इसके बाद 27 और 28 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. खासकर पूर्वी और आसपास के क्षेत्रों में. इस दौरान 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की भी संभावना है.

राजस्थान में बारिश
राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 23 मार्च को बारिश हुई. आगामी दिनों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. 26-27 मार्च को राज्य के पूर्वी तथा उत्तरी भागों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है. इसी तरह एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 28-31 मार्च के दौरान राज्य के कुछ भागों में सक्रिय रहेगा. इसके असर से भी आंधी-बारिश के आसार बन रहे हैं.
दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 24 से 29 मार्च के दौरान मौसम ज्यादातर आंशिक रूप से बादलों भरा रहने वाला है. 26 मार्च को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक की संभावना है. इसके बाद 27 और 28 मार्च को फिर से मौसम आंशिक रूप से साफ और बादलों वाला रहेगा. वहीं 29 मार्च को एक बार फिर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है.

उत्तर प्रदेश का मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में 24 से 28 मार्च के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. 24 और 25 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. 26 मार्च को पश्चिमी यूपी में फिर से कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के आसार हैं, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा. 27 मार्च को पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है. 28 मार्च को पश्चिमी यूपी में फिर से कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी भाग में मौसम शुष्क रहेगा.

पूरा प्रेस रिलीज देखने के लिए यहां क्लिक करें
The post यूपी और दिल्ली में बारिश का अलर्ट, जानें और कहां का बिगड़ेगा मौसम appeared first on Naya Vichar.

