Hot News

झारखंड में 25-26 मार्च को छाए रहेंगे बादल, रामनवमी को रामजी का प्राकृतिक जलाभिषेक

Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से सूबे के करीब-करीब सभी जिलों में 25 और 26 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 मार्च को उत्तर-पूर्वी इलाकों को छोड़कर बाकी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है. खास बात यह है कि रामनवमी के मौके पर भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा. इस दिन बारिश के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का प्राकृतिक जलाभिषेक हो सकता है.

27-28 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम केंद्र ने 27 और 28 मार्च के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा.

29 को राहत, 30 मार्च को फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 29 मार्च को राज्य में बादल तो छाये रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी. 30 मार्च को फिर से मौसम बदलने के आसार हैं. रांची सहित उत्तर-पूर्वी जिलों में बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है.

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

राजधानी रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 1.3 डिग्री बढ़ा है. वहीं न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा. मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सरायकेला राज्य का सबसे गर्म जिला रहा जहां तापमान 35.9 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है.

जमशेदपुर में तीन दिन बारिश के आसार

जमशेदपुर में भी मौसम ने राहत दी है. भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को बादल छाये रहे और शाम के समय ठंडी हवाएं चलीं. मौसम विभाग के अनुसार 27, 28 और 30 मार्च को शहर में बारिश हो सकती है. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था. वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा.

बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद

साहिबगंज जिले में बेमौसम बारिश और तेज हवा ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है. गेहूं, मक्का, सरसों, मटर, मसूर और चना जैसी फसलें खेतों में ही बर्बाद हो गई हैं. किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. स्थानीय किसान अजय यादव ने प्रशासन से जल्द सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है. वहीं जयराम पासवान और सोहन पासवान जैसे छोटे किसान, जो आधी-बटाई पर खेती करते हैं, इस नुकसान से पूरी तरह टूट चुके हैं.

जिलों में कैसा रहेगा तापमान

अगर तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें, तो उत्तर-पूर्व झारखंड के जिलों जैसे देवघर, धनबाद, दुमका और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री के बीच बना रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड के जिलों जैसे रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में तापमान थोड़ा कम रहेगा, जहां अधिकतम 30 से 34 डिग्री और न्यूनतम 16 से 20 डिग्री के बीच रहेगा. दक्षिणी जिलों जैसे पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला में तापमान सबसे ज्यादा रहने की संभावना है, जहां अधिकतम 37 डिग्री तक पहुंच सकता है.

इसे भी पढ़ें: रामनवमी जुलूस के दौरान धनबाद में नहीं होगी बिजली गुल, जेबीवीएनएल का स्पेशल प्लान तैयार

त्योहार में मौसम की चुनौती

कुल मिलाकर झारखंड में इस सप्ताह मौसम पूरी तरह अस्थिर रहेगा. रामनवमी जैसे बड़े त्योहार के दौरान बारिश और तेज हवा की संभावना प्रशासन और आम लोगों के लिए चुनौती बन सकती है. ऐसे में सतर्क रहना और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना बेहद जरूरी है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में 27-28 मार्च को बारिश, तेज धूप में बढ़ सकता है अल्ट्रावॉयलेट किरणों का खतरा

The post झारखंड में 25-26 मार्च को छाए रहेंगे बादल, रामनवमी को रामजी का प्राकृतिक जलाभिषेक appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top