Himachal Monsoon : हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून की बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह तबाह कर दिया है. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) द्वारा सोमवार को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, मौजूदा मानसून सीजन में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 256 हो गई है. इसके साथ ही 455 लोग घायल हुए हैं और 3 लोग अब भी लापता हैं.
राज्य में आई आपदाओं और हादसों से अब तक 1,202.13 करोड़ रुपये से ज्यादा के आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया गया है. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार यह रिपोर्ट 30 जून से 31 अगस्त के बीच की जारी की गई है.
105 मौतें आपदाओं से, 151 लोगों की सड़क हादसों में गई जान
कुल 256 मौतों में से 105 मौतें बारिश से जुड़ी प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुईं, जबकि 151 लोगों की जान खराब मौसम और दुर्गम रास्तों पर हुए सड़क हादसों में गई. प्राकृतिक आपदाओं में 33 लोगों की मौत ऊंचाई या पेड़ों से फिसलने से, 18 की लैंडस्लाइड (भूस्खलन) की चपेट में आने से, 13 की डूबने से, 11 की सांप के काटने से और 10 की करंट लगने से हुई. कांगड़ा और शिमला में आपदा के चलते सबसे ज्यादा 16-16 लोगों की मौत दर्ज की गई. वहीं सड़क हादसों में शिमला और सिरमौर में सबसे अधिक 19-19 लोगों ने जान गंवाई.
सड़कों, पानी की योजनाओं और मकानों को भारी नुकसान
बारिश और बाढ़ से प्रशासनी बुनियादी ढांचे को सबसे ज्यादा चोट पहुंची है. लोक निर्माण विभाग (PWD) को सबसे अधिक करीब 914.76 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि जल शक्ति विभाग को लगभग 258.61 करोड़ रुपये की क्षति पहुंची है. निजी संपत्ति के तहत 69 मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए और 302 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, वहीं 391 गोशालाएं भी ढह गईं.
76 सड़कें अब भी बंद, राहत कार्य जारी
राज्य में राहत और बहाली का काम युद्धस्तर पर चल रहा है, लेकिन अभी भी 76 सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह बंद हैं. इनमें सबसे अधिक 32 सड़कें मंडी जिले में और 16 सड़कें कुल्लू जिले में बंद हैं, हालांकि किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुकावट नहीं है. इसके अलावा 72 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं, जिनमें हमीरपुर की 37 और सिरमौर की 24 योजनाएं शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: Uttarakhand ka mausam: 1 से 5 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम का हाल, कहां होगी भारी बारिश; IMD ने जारी किया अलर्ट
The post हिमाचल में मानसून का कहर: दो महीने में 256 लोगों की मौत, 1200 करोड़ से ज्यादा का नुकसान appeared first on Naya Vichar.

