मुजफ्फरपुर बीडीओ ईओयू: दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति के ठिकानों पर मंगलवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में ईओयू की विशेष टीम ने सुबह सात बजे मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित बैरिया आदर्श ग्राम रोड नंबर एक स्थित उनके निजी आवास पर धावा बोला. हालांकि, टीम के पहुंचते ही बीडीओ और उनकी पत्नी घर से नदारद मिले.
मुजफ्फरपुर और दरभंगा में एक साथ दबिश
डॉ. आनंद कुमार विभूति पूर्व में मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड में भी बीडीओ के पद पर पदस्थापित रह चुके हैं. कांटी में कार्यकाल के दौरान भी वे काफी विवादों में घिरे रहे थे. उन पर कई विकास योजनाओं में वित्तीय गड़बड़ियों और अनियमितताओं के इनपुट मिले थे. इन्हीं पुराने मामलों और इनपुट्स को आधार बनाकर ईओयू की टीम मुजफ्फरपुर से जुड़े संपत्ति के तारों को तलाश रही है.
संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही टीम
ईओयू के अधिकारी बंद कमरों और पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रहे हैं:
- घर से मिले जमीन-जायदाद के कागजात, बैंक पासबुक और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच हो रही है.
- स्थानीय पड़ोसियों से भी बीडीओ और उनके परिवार के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.
- मुजफ्फरपुर पुलिस की तकनीकी सहायता से फरार बीडीओ और उनकी पत्नी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही कुल काली कमाई का खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: बाउंड्री विवाद: विधायक के भाई को कोर्ट से राहत, ‘नो कोर्सिव’ आदेश के साथ टली गिरफ्तारी; धमकाने वाले दो आरोपितों ने किया सरेंडर
The post मुजफ्फरपुर: बहादुरपुर BDO के बैरिया आवास पर EOU का बड़ा छापा, आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई; पति-पत्नी गायब appeared first on Naya Vichar.

