चालक फरार, शराब तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर सरायरंजन पुलिस ने मैयारी गांव में छापेमारी कर एक स्कॉर्पियो से करीब 400 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मैयारी गांव में एक स्कॉर्पियो के माध्यम से विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान स्कॉर्पियो पर लदी करीब 400 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि, पुलिस को देखकर चालक फरार हो गया।
इस मामले में सरायरंजन थाना कांड संख्या 258/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शराब के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जांच
पुलिस अब जब्त स्कॉर्पियो के मालिक, फरार चालक और शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे किसने मंगवाया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। पुलिस वाहन के मालिक और तस्करी में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।