Vaishali Boat Accident: गंगा की लहरों ने राघोपुर के 13 मासूम बच्चों को हमेशा के लिए छीन लिया. मंगलवार रात करीब 8:30 बजे नाव पलटने से नौ लड़कियों और चार लड़कों की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरा इलाका मातम में डूबा है. लेकिन इस दर्दनाक घटना के बीच एक सवाल भी उठ रहा है. क्या समय रहते जरूरी इंतजाम किए गए होते, तो इन बच्चों की जान बच सकती थी?
जिला प्रशासन ने अब एसडीआरएफ कैंप बनाने, स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने और गांव में नई नाव उपलब्ध कराने जैसे कदमों की घोषणा की है. सवाल यह है कि जब राघोपुर में नदी पार करना लोगों की जरूरत है, तो इन इंतजामों के लिए हादसे का इंतजार क्यों करना पड़ा?
1. पहले से एसडीआरएफ कैंप होता, तो जल्दी पहुंचती मदद
नाव हादसे के बाद प्रशासन ने राघोपुर क्षेत्र में दो स्थानों पर एसडीआरएफ कैंप बनाने की घोषणा की है. यह कदम आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तेज करने में मदद कर सकता है.
राघोपुर जैसे नदी से घिरे इलाके में दुर्घटना होने पर शुरुआती मिनट बेहद अहम होते हैं. बचाव दल जितनी जल्दी मौके पर पहुंचे, लोगों को बचाने की संभावना उतनी बढ़ सकती है. ऐसे में सवाल है कि संवेदनशील इलाके में पहले से बचाव दल की तैनाती क्यों नहीं थी?
हालांकि, यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि कैंप पहले होता तो सभी 13 बच्चों की जान बच जाती. लेकिन आपदा से निपटने की तैयारी पहले से रहती, तो बचाव कार्य में देरी का जोखिम कम किया जा सकता था.
2. स्वास्थ्य केंद्र पहले अपग्रेड होता, तो इलाज में मिलती मदद
प्रशासन ने मोहनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की घोषणा की है. इस फैसले से इलाके में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है.
नदी और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है. हादसे के समय घायलों को तत्काल उपचार मिलना चाहिए. लेकिन बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था केवल दुर्घटना के बाद काम नहीं आती. यह रोजमर्रा की जरूरत भी है.
अब सवाल उठता है कि स्वास्थ्य केंद्र को पहले ही अपग्रेड क्यों नहीं किया गया? क्या इलाके की जरूरतों का आकलन समय रहते नहीं हुआ?
बिहार की ताजा समाचारों के लिए यहां क्लिक करें
3. गांव में पहले नाव उपलब्ध होती, तो जोखिम घटता?
हादसे के बाद प्रशासन ने गांव में नई नाव उपलब्ध कराई है. यह कदम नदी पार करने के लिए नाव पर निर्भर लोगों के लिहाज से अहम है. लेकिन इससे एक सवाल उठता है कि सुरक्षित नाव की व्यवस्था पहले क्यों नहीं की गई?
बताया गया कि सूर्यास्त के बाद निजी नावों के परिचालन पर रोक थी. इसके बावजूद रात करीब 8:30 बजे नाव चल रही थी. ऐसे में नाव की सुरक्षा, क्षमता और निगरानी पर सवाल उठना स्वाभाविक है.
सिर्फ नई नाव देना पर्याप्त नहीं होगा. उसके सुरक्षित परिचालन, यात्रियों की संख्या और समय-सीमा की निगरानी भी जरूरी है. नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
मुआवजा मिला, लेकिन 13 जिंदगियां वापस नहीं आएंगी
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये के चेक दिए गए. कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन-तीन हजार रुपये और मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20-20 हजार रुपये की सहायता भी दी गई. प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा हुई है. इलाजरत घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की बात भी कही गई है.
प्रशासन ने राघोपुर के सीओ और थानाध्यक्ष के वेतन भुगतान पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है. लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल जवाबदेही और भविष्य की सुरक्षा का है.
राघोपुर को अब सिर्फ मुआवजे की नहीं, स्थायी इंतजामों की जरूरत है. एसडीआरएफ की तैनाती, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षित नाव परिचालन जैसे कदम पहले उठाए जाते, तो जोखिम कम हो सकता था. 13 मासूमों की मौत के बाद अब जरूरी है कि घोषणाएं कागजों तक सीमित न रहें और ऐसी त्रासदी दोबारा न हो.
Also Read: राघोपुर से आंखों देखी: 400 मीटर पैदल चलते तो नहीं होता हादसा, शाॅर्टकट में गयी 13 मासूमों की जान, जानें A टू Z
The post वैशाली नाव हादसा: काश! पहले हो गए होते ये 3 काम, तो शायद बच जातीं गंगा में समायीं 13 मासूमों की जिंदगी appeared first on Naya Vichar.

