Bihar Politics: (मिथिलेश कुमार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल रंग लाने लगी है. अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम किए जाने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने कम से कम गाड़ियों में निकलने की घोषणा कर इस पर अमल शुरू कर दिया है. सीएम सम्राट चौधरी आज जब दरभंगा के लिए रवाना हुए तो पटना एयरपोर्ट सिर्फ 3 गाड़ियों के साथ पहुंचे थे. कोई ताम-झाम नहीं और पीएम नरेंद्र मोदी की अपील को सम्राट चौधरी ने अपने स्तर से लागू करने की शुरुआत कर दी है.
नित्यानंद राय ने लिया ये फैसला
इसी कड़ी में गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी कम से कम गाड़ियों से निकलने का फैसला किया है. उजियारपुर के सांसद और केंद्र प्रशासन में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के कार्यालय से बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत को लेटर लिखकर इसकी सूचना दी गई है.
लेटर में कहा गया है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने अपने बिहार दौरे के क्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो गाड़ियां देने को कहा है. इनमें एक गाड़ी सीआरपीएफ जवानों के लिए और दूसरी गाड़ी राज्य पुलिस के लिए मांग की गई है. मुख्य सचिव को कहा गया है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के जिलों के दौरे के समय वहां अतिरिक्ति गाड़ियों की व्यवस्था नहीं किए जाने संबंधी आदेश सभी जिलों को दिया जाए.
स्वागत के दौरान गाड़ियों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील
गृह राज्य मंत्री की ओर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी को लेटर लिखकर कहा गया है कि उनके जिलों के दौरे के समय बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गाड़ियों की लंबी लाइन के साथ पहुंचते हैं. प्रदेश अध्यक्ष को लिखे लेटर में कहा गया है कि ऐसा कोई भी उपयोग उनके किसी कार्यक्रम में नहीं किया जाए. उनकी ओर से इस संबंध में संबंधित इलाके के विधायकों को भी लेटर भेज कर जानकारी दी जाएगी, कि उनके कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के साथ गाड़ियों की लाइन नहीं रहे.
अशोक चौधरी-श्वेता गुप्ता एक-एक गाड़ी से पहुंचे जेडीयू ऑफिस
राज्य प्रशासन के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी और श्वेता गुप्ता गुरुवार को जेडीयू ऑफिस में पहले से निर्धारित जन सुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे तो उनके साथ एक ही गाड़ी थी. इसके अलावा खान-भूतत्व एवं कला संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार गयाजी गुरुवार को ट्रेन से पहुंचेंगे.
Also Read: स्कूल में पढ़ाने के साथ जनगणना ड्यूटी भी करेंगे शिक्षक, बिहार प्रशासन ने कंफ्यूजन किया क्लियर
The post सीएम के काफिले में 3 गाड़ियां, PM की अपील के बाद एक-एक गाड़ी से ऑफिस पहुंचे बिहार के मंत्री appeared first on Naya Vichar.

