नया विचार न्यूज सरायरंजन। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। क्षेत्र की कई हिंदू बहनों ने मुस्लिम भाई मो. नशीरुद्दीन की कलाई पर राखी बांधकर आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे का संदेश दिया।
रक्षा बंधन के मौके पर बहनों ने मो. नशीरुद्दीन की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखी, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। वहीं, नशीरुद्दीन ने भी सभी बहनों का सम्मान करते हुए उन्हें भाई के रूप में स्नेह और सुरक्षा का भरोसा दिया। इस दौरान माहौल भावुक और सौहार्दपूर्ण बना रहा।
मो. नशीरुद्दीन ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और आपसी सद्भाव का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धर्म और मजहब अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत और भाईचारा सभी को एक-दूसरे से जोड़ता है। समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
मुसरीघरारी में हुए इस आयोजन ने सांप्रदायिक सद्भाव की अनूठी तस्वीर पेश की। राखी के पवित्र धागों ने यह संदेश दिया कि आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे का रिश्ता धर्म की सीमाओं से कहीं ऊपर है।