सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और यातायात प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश, चौराहे की बैरिकेडिंग पर भी हुई चर्चा
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन– मुसरीघरारी में दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में सदर एसडीओ राकेश कुमार और सदर डीएसपी सतीश सुमन ने मुसरीघरारी में दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था में स्थानीय युवाओं की सहभागिता लेने पर भी जोर दिया, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
अधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखना और भीड़ को नियंत्रित करना जरूरी है। पंडालों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही किसी भी तरह की समस्या से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
चौराहे की बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान मुसरीघरारी चौराहे पर की गई बैरिकेडिंग को लेकर भी अधिकारियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, वाहनों के परिचालन और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने इस बात पर विचार किया कि बैरिकेडिंग की व्यवस्था ऐसी हो, जिससे श्रद्धालुओं को पंडालों तक पहुंचने में परेशानी न हो और सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति भी उत्पन्न नहीं हो।
इसके अलावा पूजा के दौरान आम लोगों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें और पर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।