राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. दिल्ली पुलिस ने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया है. यह कार्रवाई कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित मार्च से ठीक पहले की गई. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दीपके को उस समय एहतियातन हिरासत में लिया गया, जब वे एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता अनीश गवांडे के आवास से बाहर निकल रहे थे. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने उन्हें बताया कि कनॉट प्लेस इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है. पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई की बात कही.
सेंट्रल पार्क में होना था ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च
CJP ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन का आह्वान किया था. हालांकि, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की ओर से तिरंगा यात्रा को अनुमति नहीं दी गई थी. ऐसे में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया.
कनॉट प्लेस में सुरक्षा बढ़ाई गई
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में धारा 163 लागू होने के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. प्रशासन का जोर किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है. दीपके की हिरासत के बाद अब सबकी नजर प्रस्तावित मार्च और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है.
ये भी पढ़ें: हिंदुस्तान छोड़ने के नोटिस पर इमरान खान के समर्थन में आई CJP: बॉलीवुड से एकजुट होने की मांग; जानिए पूरा मामला
The post Video: कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके हिरासत में, NCP नेता के घर से निकलते ही उठाया appeared first on Naya Vichar.