Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में हुई कई मुद्दों पर चर्चा  

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड अंतर्गत आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय सरायरंजन में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों की एक बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन प्रयोगशाला भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्मा, पीएचईडी द्वारा निर्मित शौचालय को अभी तक हस्तगत नहीं कराए जाने, रात्रि प्रहरी का मानदेय विकास कोष से भुगतान करने,उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती मनाने एवं आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस को समारोहपूर्वक आयोजित करने सहित अन्य मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार साहू ने की। मौके पर प्रधानाध्यापक सह सचिव रवींद्र कुमार ठाकुर, दाता सदस्य रामचंद्र साहू, शिक्षा प्रेमी सदस्य राम दयाल राय, वरीय शिक्षक मदन कुमार भगत, तौशिक आलम, रवींद्र कुमार झा, मंजू देवी आदि मौजूद रहे।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में आयोजित होने वाले पैदल मार्च को लेकर युवाओं की हुई बैठक 

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : मुसरीघरारी में शुक्रवार को युवाओं की एक बैठक आयोजित हुई।यह बैठक विद्यार्थियों के समर्थन, पेपर लीक के विरोध एवं दिल्ली में पुलिस प्रशासन द्वारा छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में प्रस्तावित मार्च को लेकर एक महत्वपूर्ण मुद्दे शमिल है।बैठक में प्रोटेस्ट और मार्च से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही गुरुवार की देर शाम प्रधानमंत्री के संबोधन, सीजेपी के साथ शुक्रवार को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक एवं सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त किए जाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। युवाओं ने बैठक में रविवार की दोपहर में मुसरीघरारी के चारों सड़कों पर मार्च निकले जाने की तैयारी पर भी चर्चा की गई। बैठक में युवा सभी साथियों से धैर्य बनाए रखने की भी अपील की गई। मुसरीघरारी के युवाओं में छात्रों के भविष्य को लेकर जागरूकता, जोश, आक्रोश और अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखने का दृढ़ संकल्प लिया है। मौके पर कैफ़ी आज़मी नैयर, राजू कुमार, हसनैन नज़ारे, प्रिय रंजन कुमार, अभिनव राज,फूल हसन, कुंदन कुमार, मो. नशीरुद्दीन, दीपक कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद थे।

समस्तीपुर

नई सरकार के गठन के 100 दिनों की उपलब्धियों के राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर-  नई प्रशासन के गठन के 100 दिनों के भीतर प्राप्त उपलब्धियों के संबंध में राज्य स्तर पर दिनांक 25 जुलाई 2026 को माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं उसके जिला, अनुमंडल, प्रखंड तथा पंचायत स्तर पर सजीव प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी अनुमंडलों, प्रखंडों एवं पंचायतों में निर्धारित समय पर निर्बाध रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तकनीकी व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी, विद्युत आपूर्ति, ध्वनि व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हो सके। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजनों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार राय, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अली अकरम सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी समाहरणालय सभागार से उपस्थित रहे, जबकि सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।

समस्तीपुर

आर.एस.बी. इंटर स्कूल, समस्तीपुर में साइबर अपराध से संबंधित एकदिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से आर.एस.बी. इंटर स्कूल, समस्तीपुर में आयोजित एकदिवसीय साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर श्री अरविंद प्रताप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट एवं डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते समय सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। छोटी-सी लापरवाही भी आर्थिक एवं व्यक्तिगत क्षति का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध लिंक, कॉल, ई-मेल अथवा संदेश पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया न दें। साथ ही उन्होंने साइबर अपराध के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि साइबर अपराध के स्वरूप लगातार बदल रहे हैं। ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाएं, ओटीपी एवं केवाईसी के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर, क्यूआर कोड फ्रॉड तथा अन्य ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम/डेबिट कार्ड का सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यशाला के दौरान साइबर विशेषज्ञों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा साइबर अपराध के विभिन्न प्रकार, उनसे बचाव के उपाय, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, मजबूत पासवर्ड का उपयोग, दो-स्तरीय सुरक्षा (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन), सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों से अवगत कराया गया तथा उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी, साइबर सेल के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

समस्तीपुर

राजस्व वसूली और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, आपदा तैयारियों की भी हुई समीक्षा

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में आंतरिक संसाधन, राजस्व, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न अवसंरचनात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आंतरिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण और राजस्व संग्रह की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें। आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़, जलजमाव और अन्य संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। बैठक में विभिन्न अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यपालक एजेंसियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी डीसीएलआर, सभी अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

समस्तीपुर, स्वास्थ्य

सदर अस्पताल समस्तीपुर में शुरू हुई आईसीयू सेवा

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा दिनांक 22 जुलाई 2026 को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से गहन चिकित्सा इकाई(आईसीयू) का शुभारंभ सदर अस्पताल समस्तीपुर में किया गया। इस मौके पर सदर अस्पताल के कार्यक्रम स्थल में जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा द्वारा उपस्थित होकर आईसीयू सेवा का शुभारंभ किया गया। उक्त आईसीयू व्यवस्था से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा, विशेष चिकित्सा, गहन निगरानी और 24 घंटे जीवन रक्षक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में 4 आईसीयू बेड और 4 वेंटीलेटर 4 कार्डियक मॉनिटर 04 इंन्फूज़न पंप 01 ई.सी.जी. मशीन . 01 सक्शन मशीन . O2 कंसन्ट्रेटर , थ्रोमोमीटर. बी. पी. मशीन .01 स्थेटोस्कोप 01 बाई पैप. शुगर मशीन, 01 सी पेप मशीन 02 एम्बु बैग इत्यादि की सुविधा सदर अस्पताल समस्तीपुर के आईसीयू में उपलब्ध है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में समस्तीपुर जिले के लिए यह मिल का पत्थर साबित होगा। जिसका उद्देश मरीजों की गंभीर स्थिति पर लगातार नज़र रखना और उन्हें जीवन का खतरा होने पर बचाने से है। इस मौके पर सिविल सर्जन समस्तीपुर, उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखा प्रबंधक,जिला एपिडेमियोलॉजीस्ट, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण पदाधिकारी, जिला सलाहकार गुणवत्ता यकीन, अस्पताल प्रबंधक सहित सभी स्वास्थ्य कर्मी और मीडियाकर्मी उपस्थित हुए।

सड़क दुर्घटना, समस्तीपुर

फॉर्च्यूनर और बाइक की आमने-सामने ट”क्क’र, युवक की मौ”त; दूसरा गं’भीर, सदर अस्पताल में भर्ती

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर चौक के समीप गुरुवार दोपहर फॉर्च्यूनर एसयूवी और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव निवासी हरिलाल पासवान के 28 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी शिबू राय के पुत्र रितेश कुमार के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से मुसरीघरारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुसरीघरारी की ओर से ताजपुर की तरफ जा रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से गंगापुर चौक के पास उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए मुसरीघरारी के एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद रौशन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं रितेश कुमार का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंच गए। रौशन कुमार की मौत की समाचार मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में भी शोक का माहौल बना रहा। इधर, घटना की सूचना पर मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल फॉर्च्यूनर वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टक्कर होते ही फॉर्च्यूनर पर सवार लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। गंगापुर चौक के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने, वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी यातायात व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

ताजा ख़बर, बिहार, मुख्य खबर, समस्तीपुर

सरायगढ़ से देवघर के लिए चलायी जा रही स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि का विस्तार

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर– यात्रियों की अत्याधिक भीड़ के मद्देनजर तथा उनकी सुविधा हेतु समस्तीपुर मंडल द्वारा सरायगढ़ से देवघर के लिए चलायी जा रही स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया गया है जिनका विवरण निम्नानुसार है :- गाड़ी संख्या 05573/ 05574 सरायगढ़- देवघर- सरायगढ़ मेमू स्पेशल (सुपौल-सहरसा- सिमरी बख्तियारपुर- मानसी- खगड़िया-सबदलपुर- मुंगेर- सुलतानगंज-भागलपुर- बांका के रास्ते) – सरायगढ़ और देवघर के मध्य प्रतिदिन चलायी जा रही गाड़ी सं. 05573/05574 सरायगढ़-देवघर-सरायगढ़ मेमू स्पेशल के परिचालन अवधि में विस्तार किया जा रहा है । अब यह स्पेशल मेमू ट्रेन सरायगढ़ एवं देवघर से 16.07.2026 से 31.08.2026 तक प्रतिदिन परिचालित की जाएगी । गाड़ी सं. 05573 सरायगढ़- देवघर स्पेशल प्रतिदिन सरायगढ़ से 03.05 बजे खुलकर 03.38 बजे सुपौल, 04.30 बजे सहरसा, 05.00 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 05.50 बजे मानसी, 06.00 बजे खगड़िया, 06.18 बजे सबदलपुर, 06.40 बजे मुंगेर, 07.48 बजे सुलतानगंज, 08.30 बजे भागलपुर रूकते हुए 11.20 बजे देवघर पहुंचती है । वापसी में गाड़ी सं. 05574 देवघर-सरायगढ़ स्पेशल प्रतिदिन देवघर से 11.35 बजे खुलकर 14.20 बजे भागलपुर, 14.55 बजे सुलतानगंज, 16.25 बजे मुंगेर, 17.25 बजे सबदलपुर, 17.50 बजे खगड़िया, 18.16 बजे मानसी, 18.53 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 20.40 बजे सहरसा, 21.26 बजे सुपौल रूकते हुए 22.15 बजे सरायगढ़ पहुंचती है ।

समस्तीपुर

एबीवीपी के स्थापना दिवस पर बरबट्टा विद्यालय में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। एबीवीपी के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सरायरंजन नगर इकाई की ओर से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरबट्टा परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एबीवीपी के नगर मंत्री मोहित कुमार एवं सह मंत्री प्रिंस प्रियरंजन ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर चलने वाला जनआंदोलन है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एबीवीपी विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठनों में से एक है। संगठन शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और छात्र हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर पौधारोपण का कार्यक्रम पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। यदि प्रत्येक छात्र वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी पौधारोपण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण समय की आवश्यकता है। ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विजय कुमार चौरसिया, रजनी रंजन, नेहा, सबनम खातून, साक्षी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ, हरित हिंदुस्तान के निर्माण का संकल्प लेने के साथ हुआ।

ताजा ख़बर, पटना, बिहार, मुख्य खबर, समस्तीपुर

उर्स-ए-मखदूम अशरफ पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भेजी चादर, अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ

नया विचार न्यूज पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले स्थित विश्वविख्यात सूफी दरगाह किछौछा शरीफ में आयोजित हजरत सुल्तान मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स मुबारक के अवसर पर मंगलवार को अपनी ओर से अकीदत की चादर भेजी। दरगाह पर चादरपोशी के बाद बिहार सहित पूरे देश में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी लंबे समय से सूफी संतों की शिक्षाओं और हिंदुस्तान की साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते रहे हैं। उनका मानना है कि सूफी संतों ने प्रेम, इंसानियत, सद्भाव और आपसी सौहार्द का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। इसी भावना के तहत उन्होंने उर्स के अवसर पर अपनी ओर से चादर भेजकर दरगाह में अकीदत पेश की। हजरत सुल्तान मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी रहमतुल्लाह अलैह हिंदुस्तानीय उपमहाद्वीप के महान सूफी संतों में प्रमुख स्थान रखते हैं। उनका जन्म ईरान के सिमनान के शाही परिवार में हुआ था, लेकिन उन्होंने सांसारिक वैभव का त्याग कर आध्यात्मिक मार्ग अपनाया। बाद में वे हिंदुस्तान आए और उत्तर प्रदेश के किछौछा (वर्तमान अंबेडकर नगर) को अपनी कर्मभूमि बनाया। उन्होंने सूफी सिलसिला अशरफिया को नई पहचान दी और प्रेम, करुणा, सेवा, आध्यात्मिक साधना तथा मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। किछौछा शरीफ की दरगाह आज देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष उर्स मुबारक के अवसर पर विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर हाजिरी देते हैं तथा देश-दुनिया में शांति, सौहार्द और खुशहाली की दुआ मांगते हैं। विजय कुमार चौधरी की ओर से भेजी गई चादर को भी गंगा-जमुनी तहजीब, सांप्रदायिक सौहार्द और सूफी परंपरा के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर बिहार अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष मौलाना उमर नूरानी, अताउर्रहमान, महताब आलम, फैजुल कादरी तथा शहादत हुसैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दरगाह में चादर पेश कर बिहार और देश की उन्नति, सामाजिक सौहार्द, शांति एवं समृद्धि के लिए विशेष दुआ की।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top