अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अदाणी समूह वर्ष 2035 तक पश्चिम बंगाल में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश करेगा. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ कोलकाता के पास न्यू टाउन इलाके में 2,000 बिस्तर वाले अस्पताल की आधारशिला रखने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की. अदाणी ने कहा कि उनका समूह विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ पर 4,000 करोड़ रुपए खर्च करेगा. इस परियोजना से 10,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
अस्पताल के आधे बिस्तर गरीबों के लिए आरक्षित
अदाणी ने कहा कि गैर-लाभकारी अस्पताल में आधी बिस्तर क्षमता राज्य और केंद्र की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत पात्र आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित होगी. इस अस्पताल में एक मेडिकल कॉलेज के साथ अनुसंधान और उपचार से जुड़ी सुविधाएं भी होंगी.
बंगाल में इन क्षेत्रों में निवेश करेगा अदाणी समूह
- बंदरगाह
- लॉजिस्टिक्स
- बिजली उत्पादन
- बिजली पारेषण एवं वितरण
- सड़क
- पुल और रोपवे
- हरित सीमेंट
- हाइपरस्केल डेटा सेंटर
ये भी पढ़ें: कोलकाता पहुंचे गौतम अडानी: हेल्थकेयर से हेरिटेज तक, अडानी समूह का बंगाल के लिए बड़ा प्लान
बिजली वितरण में अदाणी का पहला निवेश
बिजली वितरण के क्षेत्र में अदाणी समूह द्वारा निवेश की यह पहली औपचारिक शुरुआत है. अभी कोलकाता और हावड़ा में बिजली वितरण पर आरपी संजीव गोयनका समूह की प्रमुख कंपनी सीईएससी लिमिटेड का एकाधिकार है.
बंगाल के अन्य हिस्सों में डब्ल्यूबीएसईडीसीएल करती है बिजली की सप्लाई
सॉल्टलेक और न्यू टाउन सहित पश्चिम बंगाल के बाकी हिस्से में राज्य के स्वामित्व वाली पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (डब्ल्यूबीएसईडीसीएल) बिजली वितरण करती है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में निवेश के लिए उद्योगपतियों को स्पेशल ऑफर, अंबानी से मिलेंगे शुभेंदु अधिकारी
इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर क्यों, अदाणी ने खुद बताया
बुनियादी ढांचे पर अधिक ध्यान देने की वजह बताते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि बंदरगाह लॉजिस्टिक को मजबूत करते हैं, लॉजिस्टिक उद्योग को आकर्षित करता है, उद्योग विनिर्माण को बढ़ावा देता है, विनिर्माण के लिए ऊर्जा की जरूरत होती है और ऊर्जा डिजिटल बुनियादी ढांचे को सक्षम बनाती है. उन्होंने कहा कि इस पूरी शृंखला के विकसित होने के साथ रोजगार कई गुना बढ़ता है.
पूर्वोत्तर हिंदुस्तान और दक्षिण पूर्व एशिया के लिए सेतु बनेगा बंगाल
पश्चिम बंगाल को पूर्वोत्तर हिंदुस्तान और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए देश का प्राकृतिक समुद्री और लॉजिस्टिक सेतु बताते हुए अदाणी ने कहा कि राज्य में एशिया के सबसे बड़े एकीकृत औद्योगिक और आर्थिक मंच में से एक बनने की क्षमता है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की सत्ता बदलते ही टाटा समूह की सिंगूर वापसी की तैयारी, शमिक भट्टाचार्य बोले- प्रायश्चित नहीं, औद्योगिक पुनर्जागरण
इन 3 क्षेत्रों में भी काम करेगा अदाणी समूह
- राइटर्स बिल्डिंग का पुनरोद्धार.
- कुम्हारटोली घाट का पुनरोद्धार.
- कोलकाता की दुर्गा पूजा को दुनिया के सामने पेश करने से जुड़ी पहल में मदद.
‘अदाणी समूह की दूसरी ‘कर्मभूमि’ बनेगा बंगाल’
अदाणी समूह के चेयरमैन ने गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह को समूह की पहली ‘कर्मभूमि’ (जहां व्यक्ति काम करता है) बताया और उम्मीद जतायी कि पश्चिम बंगाल उसकी दूसरी ‘कर्मभूमि’ बनेगा.
गौतम अदाणी ने कालीघाट में की पूजा-अर्चना
अदाणी ने कहा कि वह दिन में कालीघाट मंदिर गये और वहां नेतृत्व करने की शक्ति, सपने देखने की इच्छा और उन्हें पूरा करने की ऊर्जा के लिए प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का जागरण और प्रगति हिंदुस्तान की गति में तब्दील होगी.
अदाणी आरोग्य मंदिर से जुड़ी खास बातें
- 51.75 एकड़ में विकसित किया जायेगा.
- विश्वस्तरीय अकादमिक चिकित्सा केंद्र और व्यापक स्वास्थ्य सेवा परिसर के रूप में विकसित होगा.
- सालाना 2 लाख से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा सकेगा.
- 20 लाख से अधिक मरीजों का बिना भर्ती किये उपचार किया जा सकेगा.
सिंगापुर और अमेरिकी कंपनियों से किया करार
अदाणी फाउंडेशन ने अमेरिका की मेयो क्लिनिक ग्लोबल कंसल्टिंग और सिंगापुर की सिंगहेल्थ को चिकित्सा उपचार, अकादमिक चिकित्सा, डिजिटल स्वास्थ्य, गुणवत्ता, कार्यबल विकास और नवाचार के क्षेत्रों में वैश्विक विशेषज्ञता उपलब्ध कराने के लिए परियोजना से जोड़ा है.
The post कोलकाता में गौतम अदाणी का ऐलान- बंगाल में 1 लाख करोड़ से अधिक का निवेश करेगा अदाणी समूह appeared first on Naya Vichar.

