Jharkhand Monsoon: झारखंड में मई के महीने में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. राज्य के कई इलाकों में कहीं तेज हवाएं तो कहीं झमाझम बारिश ने गर्मी का असर कम कर दिया है. इसी बीच हिंदुस्तान मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने संभावना जताई है कि इस बार मॉनसून समय से पहले पहुंच सकता है.
5 जून तक झारखंड में मॉनसून की दस्तक
आइएमडी के अनुसार, देश में इस वर्ष मॉनसून के समय से पूर्व पहुंचने की उम्मीद है. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, केरल में इस वर्ष मॉनसून के 26 मई तक पहुंचने की संभावना है. हालांकि यह चार दिन पहले या चार दिन बाद भी पहुंच सकता है. इसके 10 से 12 दिन बाद यानी पांच से छह जून तक झारखंड पहुंचने की उम्मीद है. आइएमडी के अनुसार, चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना बनी रहती है.
12 दिन पहले पहुंचने की संभावना
अगर पूर्वानुमान सही रहा, तो झारखंड में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मॉनसून 12 दिन पहले पहुंचेगा. मई माह में झारखंड के कई इलाकों में लगभग हर दिन आंधी के साथ बारिश हो रही है. इससे संभावना है कि कुछ दिनों के बाद से ही झारखंड में प्री-मॉनसून बारिश शुरू हो सकती है. पिछले वर्ष यानी 2025 में मॉनसून केरल में 24 मई को पहुंचा था, लेकिन झारखंड में 17 जून तक पहुंचा था. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की अवधि जून से सितंबर तक रहती है.
अल-नीनो से बारिश में कमी
आइएमडी ने कहा कि देश में कम वर्षा का कारण अल नीनो परिस्थितियों का विकसित होना हो सकता है. मौसम विभाग ने एक मई को जारी अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा था कि भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में अल नीनो-साउदर्न ओसिलेशन (इएनएसओ) की तटस्थ परिस्थितियां धीरे-धीरे अल नीनो की स्थिति की ओर बढ़ रही हैं. विभाग ने यह भी कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.
मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा?
मौसम विज्ञान विभाग केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने नया विचार से बातचीत में कहा कि आज यानी 16 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मॉनसून पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि मॉनसून के केरल में 26-27 मई तक पहुंचने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: जनता लाइन में और पूंजीपति फायदे में, JMM महासचिव विनादे पांडेय ने भाजपा पर बोला हमला
यह भी पढ़ें: Hazaribagh: 24 घंटे में 4 मौत पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में हंगामा, डीसी ने बैठाई जांच कमिटी
The post झारखंड में जल्द होगी मॉनसून की एंट्री, 5 जून तक पहुंचने की उम्मीद appeared first on Naya Vichar.

