सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट में लिखा, “नमस्कार, आप सभी के साथ यह पल साझा करते हुए मैं सचमुच आभारी हूं. यह मेरी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक है.” उन्होंने आगे लिखा, “यह प्रेम, कर्तव्य, अपनों को खोने और अपनी जगह तलाशने की कहानी है. मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं.”
उनकी पहली पोस्ट में किताब के पन्नों और तस्वीरों की झलक दिखाई गई. वीडियो में उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी नजर आईं.
वीडियो के बाद सोनिया गांधी ने एक तस्वीर भी की शेयर
सोनिया गांधी ने वीडियो पोस्ट करने के बाद एक फोटो भी शेयर की, जिसमें वे अपनी किताब के साथ नजर आ रही हैं. फिलहाल, उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर केवल दो पोस्ट हैं. इसके साथ ही सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर तीन लोगों को फॉलो किया है, जिनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल शामिल है.
वहीं, वीडियो पोस्ट करने के महज 3 घंटे के भीतर सोनिया गांधी को इंस्टाग्राम पर 30 हजार से अधिक यूजर्स ने फॉलो किया. इसके अलावा 3 घंटे में उनके वीडियो को 97 हजार से अधिक लाइक्स मिले हैं.
इटली में बचपन से हिंदुस्तान तक का सफर
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक सोनिया गांधी की किताब उनके बचपन से शुरू होकर हिंदुस्तान में उनके जीवन और नेतृत्वक सफर तक पहुंचती है. इसमें युद्ध के बाद के इटली में बिताए उनके शुरुआती वर्षों, राजीव गांधी से मुलाकात, उनके प्रेम संबंध और शादी का जिक्र है. साथ ही, परिवार में हुई उन त्रासद घटनाओं को भी जगह दी गई है, जिन्होंने उनकी जिंदगी को गहराई से प्रभावित किया.
वीडियो में देखें सोनिया गांधी ने क्या कहा-
पहले प्रकाशक के साथ हुआ था विवाद?
सोनिया गांधी की किताब के हिंदुस्तान में प्रकाशन को लेकर पहले विवाद सामने आया था. शुरुआत में इसे पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्रकाशित करने वाला था, लेकिन संपादकीय बदलावों को लेकर लेखक के प्रतिनिधियों और प्रकाशक के बीच सहमति नहीं बन सकी.
ये भी पढ़ें: रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से हटाई गईं 74 तस्वीरें, प्रियंका गांधी ने कहा-डर गई है प्रशासन, मुझे अपने बेटे पर गर्व
अब हिंदुस्तान में हार्परकॉलिन्स प्रकाशित करेगा किताब
पेंगुइन इंडिया के साथ समझौता आगे नहीं बढ़ने के बाद हिंदुस्तान में किताब के प्रकाशन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी. हालांकि, 4 सितंबर को हार्परकॉलिन्स इंडिया ने घोषणा की कि वह ‘Belonging: A Journey of Love’ को हिंदुस्तान में प्रकाशित करेगा.
किताब 10 नवंबर को हिंदुस्तान में भी आएगी. इसका अंतरराष्ट्रीय संस्करण अल्फ्रेड ए. नॉफ प्रकाशित करेगा, जो नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप का हिस्सा है. ब्रिटेन में इसका प्रकाशन विलियम कॉलिन्स करेगा, जो हार्परकॉलिन्स का एक प्रकाशन समूह है.
The post सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर किया डेब्यू, अपनी किताब ‘Belonging’ की पहली झलक दिखाई appeared first on Naya Vichar.

