नया विचार – मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव में, बधाई मांगने गयी किन्नर व स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प में, करीब एक दर्जन किन्नर व आधा दर्जन स्थानीय लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना शुक्रवार 24 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे की बतायी जा रही है। घटना में घायल सभी किन्नर व स्थानीय लोगों का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल समस्तीपुर में किया जा रहा है।
घायलों की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के विशंभरपुर एलौथ गांव निवासी, 60 वर्षीय मोहम्मद याकूब, मोहम्मद याकूब की 55 वर्षीय पत्नी शकीला खातून, मोहम्मद याकूब के 25 वर्षीय पुत्र मोहम्मद फैयाज, 16 वर्षीय पुत्री निशा परवीन, मोहम्मद आलमगीर की 35 वर्षीय पत्नी नरगिस खातून के रूप में की गयी है।
हालांकि घायल किन्नरों के नाम की जानकारी समाचार लिखे जाने तक नही मिल पायी थी। घटना के संबंध में घायल किन्नरों का बताना है कि, वह लोग विशंभरपुर एलौथ गांव में बधाई लेने गयी थी। जहां उनलोगों ने बधाई भी नही दिया और उल्टे करीब दो दर्जन से अधिक स्थानीय लोगों ने उनलोगों पर हमला कर दिया। जिसमें उनके सभी किन्नर साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। जिनका प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल में किया जा रहा है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का बताना है कि, बधाई लेने आई किन्नर 21 हजार रुपए मांग रही थी। जिसे देने में असमर्थता जताने पर, सभी किन्नर उनके शिशु को लेकर भागने लगी। जिसका विरोध करने पर सभी किन्नरों ने उनके घरों में लूटपाट किया, तथा उनके सभी परिवार वालों को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। जिसे प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया गया है।
