Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

जन संवाद में डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार जांच कर मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जन संवाद में भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। जिन मामलों में दूसरे विभाग या उच्च स्तर से कार्रवाई की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने कहा कि जन संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी एवं त्वरित बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन के निष्पादन की स्थिति का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जाए। जन शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करें। सामाजिक सुरक्षा और भूमि मामलों पर विशेष निर्देश सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों के निष्पादन एवं अनुश्रवण के लिए सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं भूमि एवं राजस्व से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। जन संवाद में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

समस्तीपुर

दुर्गा पूजा को सफल बनाने को लेकर समिति की बैठक, मंदिर की रंगाई-पुताई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा पर हुई चर्चा

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | प्रखंड क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत स्थित मंदिर प्रांगण में रविवार को मनोकामना दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को सफल एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में दुर्गा पूजा के लिए प्रतिमा निर्माण, मंदिर की रंगाई-पुताई एवं सजावट समेत मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद की समुचित व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने पूजा के दौरान अलग से स्वयंसेवकों (वॉलेंटियर) की तैनाती करने पर जोर दिया। स्वयंसेवक मेला एवं पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की सहायता करने के साथ ही भीड़ को व्यवस्थित रखने में सहयोग करेंगे। बैठक में पूजा की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर सहमति बनी। बैठक में पूजा समिति के अध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष संजय कुमार राय, सचिव सोहन रजक, प्रबंधक जेपी शाह, पंडित अमित कुमार झा, संजीव झा, रोशन कुमार, गौरव कुमार, संजीत कुमार, मोहनलाल कर्ण सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

समस्तीपुर

भाजपा नेता की मां के निधन पर विधान पार्षद ने जताई शोक संवेदना, गंगसारा पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | प्रखंड क्षेत्र के गंगसारा गांव में शनिवार शाम भाजपा नेता सह उपमुखिया संतोष साह की माता के निधन पर विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की। विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार के लोगों को धैर्य से काम लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जन्म और मृत्यु प्रकृति का नियम है। जो व्यक्ति इस धरती पर आया है, उसे एक दिन यहां से जाना ही पड़ता है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।इस दौरान सानू ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

समस्तीपुर

कार हा*द*से के बाद कथित गांजा ले जाने के मामले में 25 किलो बरामद, एक गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर पुलिस ने घर में छापेमारी कर तीन पैकेट गांजा किया बरामद; हादसे के बाद पैकेट उठाकर ले जाने की चर्चा नया विचार न्यूज़ सरायरंजन-  मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में शनिवार को डिवाइडर से टकराई हुंडई कार से कथित रूप से गांजा के पैकेट उठाकर ले जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर मुसरीघरारी नगर पंचायत गेट के समीप मनोज कुमार चौधरी के घर पर छापेमारी कर तीन पैकेट गांजा बरामद किया। बरामद गांजा का वजन 25 किलो बताया गया है। बाद में पुलिस ने दूसरी सूचना के आधार पर दोपहर में छापेमारी कर मनोज कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर इफ्को एजेंसी के सामने एक हुंडई कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे के बाद कार में सवार दो लोगों के मौके से चले जाने की बात सामने आई थी। दुर्घटना के बाद कार में कुछ पैकेट होने की चर्चा हुई। स्थानीय लोगों के बीच इन पैकेटों में गांजा होने की बात कही गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोग कार से पैकेट उठाकर ले गए थे। मामले की समाचार प्रकाशित होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई। रविवार सुबह मुसरीघरारी थाना के एएसआई बरजेश कुमार को गुप्त सूचना मिली कि हादसे के बाद कथित रूप से उठाकर ले जाया गया गांजा मनोज कुमार चौधरी ने अपने घर में रखा है। सूचना के सत्यापन के लिए एएसआई बरजेश कुमार पुलिस बल के साथ सुबह करीब 8:30 बजे मनोज कुमार चौधरी के घर पहुंचे और छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही घर के सभी सदस्य वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बक्से में रखे तीन पैकेट बरामद किए गए। पुलिस पैकेटों को जब्त कर थाने ले आई। वहां सरायरंजन के राजस्व पदाधिकारी सह दंडाधिकारी विश्वजीत कुमार की मौजूदगी में बरामद पदार्थ का वजन कराया गया। वजन करने पर कुल 25 किलो गांजा पाया गया। इसी बीच पुलिस को दोबारा गुप्त सूचना मिली कि मनोज कुमार चौधरी अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार दोपहर फिर उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के बाद कार से पैकेट उठाने में एक दर्जन से अधिक लोग शामिल थे। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी और उसके घर से 25 किलो गांजा बरामद होने की पुष्टि की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटनाग्रस्त कार में वास्तव में कितना मादक पदार्थ था और मौके से कितने पैकेट तथा किस-किस व्यक्ति द्वारा उठाए गए। पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच करेगी। फुटेज सामने आने के बाद हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और कथित रूप से पैकेट ले जाने वालों की पहचान में मदद मिल सकती है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद गांजा दुर्घटनाग्रस्त कार से से संबंधित कर मलिक और दो सवार पर कार्रवाई करेगी गाड़ी चालक गाड़ी मालिक और दो भागने वाले लोगों के पहचान कर सभी के ऊपर प्राथमिक की दर्ज की जाएगी बताया जा रहा है कि समय रहते मिली गुप्त सूचना के कारण पुलिस मनोज कुमार चौधरी तक पहुंच सकी और उसके घर से 25 किलो गांजा बरामद किया जा सका। अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है। सीसीटीवी फुटेज की जांच और अन्य लोगों की पहचान के बाद मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में और जानकारी ली जा रही है जो भी लोग इस लूट में शामिल हो गए उन लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी

समस्तीपुर

उपमुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत कोष में दिया एक माह का वेतन, मुख्यमंत्री को सौंपा चेक, क्षेत्र के लोगों ने जताई खुशी

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन | सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने बाढ़ राहत कोष में सहयोग के लिए अपने एक माह के वेतन का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा। उपमुख्यमंत्री द्वारा बाढ़ राहत कोष में एक माह का वेतन देने की जानकारी मिलने के बाद सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के लोगों में खुशी देखी जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने इस पहल के लिए उपमुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है। लोगों ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में राहत कार्यों के लिए दिया गया यह सहयोग प्रभावित परिवारों के लिए उपयोगी साबित होगा। उपमुख्यमंत्री की इस पहल पर खुशी जाहिर करने वालों में जदयू प्रखंड अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, प्रमुख वीणा कुमारी, उपप्रमुख संजीव ठाकुर, वीरेंद्र ईश्वर, विपिन कुमार ईश्वर, विधाकर झा, रामकुमार झा, विशाल कुमार, अनिल सिंह बाबा, भोला कुमार, साकिर रजा, रितेश राय, हरेराम सहनी, अजीत कुमार, घनश्याम ठाकुर, अजीत कुमार झा, नागराज झा, मुखिया मिथिलेश कुमार, हितेश कुमार, महेंद्र राय, नीरज कुमार झा, राजीव कुमार दास, रामलाल झा, अजय राय, संतोष राम, मुकेश कुमार, तेज नारायण सहनी, ताराकांत राय, मोहन झा आदि शामिल हैं

समस्तीपुर

दत्तक ग्रहण संस्थान का डीएम ने किया निरीक्षण, बच्चों की देखरेख व सुविधाओं का लिया जायजा

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, समस्तीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निरीक्षण समिति के अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने संस्थान में आवासित बच्चों की देखरेख, संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता सहित उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों की बेहतर देखभाल को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बताया गया कि विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में 0 से 6 वर्ष तक के अनाथ, परित्यक्त एवं अभ्यर्पित बच्चों को आवासित कर उनकी समुचित देखरेख और संरक्षण किया जाता है। जिन बच्चों के माता-पिता अथवा परिवार का पता नहीं चल पाता है, उन्हें निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया एवं केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के नियमों के अनुसार योग्य दत्तक माता-पिता को गोद दिए जाने की प्रक्रिया की जाती है। निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षण एवं दत्तक ग्रहण को लेकर आमजनों में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं कोई अनाथ, बेसहारा अथवा परित्यक्त बच्चा मिलता है, तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें। इससे शिशु को समय पर आवश्यक देखरेख, संरक्षण एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

समस्तीपुर

जन संवाद में डीएम ने सुनी आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि एवं राजस्व, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, विद्युत और आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली और नियमानुसार समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन संवाद में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं हो और आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। डीएम ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जन संवाद के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही पात्र लाभुकों को प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और शिकायतों का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

बिहार, समस्तीपुर

श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुभारंभ, केंद्रीय कोटे के प्रथम छात्र के रूप में उज्जवल का हुआ नामांकन

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक सत्र के लिए शुक्रवार को छात्र का दाखिला हुआ। चीर प्रतिक्षित शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर संपूर्ण जिले में लंबे समय से लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। महाविद्यालय परिसर में इस अवसर पर समारोह पूर्वक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो) एस के कर्ण बताया कि केंद्रीय कोटे से सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड के उज्जवल कुमार झा का नामांकन प्रथम छात्र के रूप में हुआ है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को विभाग की ओर से छात्रों के नामांकन के लिए 50 सीटे आवंटित की गई है। जिनमें 15 फ़ीसदी केंद्रीय कोटे से तथा शेष 85 फ़ीसदी सीटे राज्य कोटे से नामांकन के लिए निर्धारित की गई है। नामांकन प्रक्रिया के तहत द्वितीय चरण के लिए ऑनलाइन दस्तावेज का सत्यापन कार्य जारी है। कहां की शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ होने के साथ संस्थान में नए प्राध्यापकों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के नियुक्ति की प्रक्रिया भी तेजी से संचालित की जा रही है। इससे वर्तमान में मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था एवं चिकित्सीय सेवाओं को सुदृढ़ीकरण में बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मेडिकल छात्रों के लिए पठन-पाठन की व्यवस्था शीघ्र शुरू कर दी जाएगी। साथ ही कॉलेज कैंपस में छात्रों के रहने के लिए होस्टल एवं खाने पीने के लिए कैंटीन की व्यवस्था की प्रगति जोरों पर है। समारोह के दौरान अतिथियों ने कहा कि जिन उद्देश्यों के लिए श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई है। उससे मेडिकल के छात्रों को अच्छी शिक्षा मिलेगी और स्थानीय लोगों एवं जिले भर के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। पुत्र के नामांकन के बाद भावुक हुए पिता::: दिल्ली में रहकर टेलर्स का काम कर रहे रूपेश कुमार झा पुत्र के नामांकन के बाद भाव विहवल थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार की मिट्टी से जुड़कर मेरा पुत्र चिकित्सा सेवा में आमजन को प्राथमिकता देते हुए अपनी पहचान स्थापित करेगा। इस दौरान प्राचार्य द्वारा नामांकित छात्र को अंग वस्त्र, पुष्प माला देकर उज्जवल भविष्य की कामना की। भाजपा नेता जय कृष्ण झा, पूर्व अस्पताल अधीक्षक डां. जीसी कर्ण, डॉ. शशिकांत कुमार डां. सुशांत कुमार, डॉ. जीना आलम, डॉ. कंचन कुमारी, डां. सितेश कुमार कर्ण, निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर गौरव कुमार आदि मौजूद थे।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी में पान दुकान के सामने से बाइक चोरी, 10 मिनट में गायब हुई गाड़ी

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम स्टेट बैंक के सामने एनएच-28 किनारे स्थित पान दुकान के पास से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। बाइक मालिक सरायरंजन नगर पंचायत के वार्ड संख्या 19 निवासी सुरेश चौधरी के पुत्र मोहन जी ने मुसरीघरारी थाने में आवेदन देकर बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, मोहन जी बुधवार की शाम अपनी मोटरसाइकिल पान दुकान के सामने खड़ी कर स्टेट बैंक में किसी काम से गए थे। बैंक का काम पूरा करने के बाद उन्होंने पास की पान दुकान पर पान खाया और बाइक वहीं खड़ी छोड़कर बगल की दुकान से कुछ सामान खरीदने चले गए। करीब 10 मिनट बाद जब वह वापस बाइक के पास पहुंचे तो मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी मुसरीघरारी पुलिस को देते हुए लिखित आवेदन दिया। मुसरीघरारी की प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि बाइक चोरी को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस बाइक बरामद करने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

समस्तीपुर

मुसरीघरारी थाना के बगल में हाट से युवक की जेब से मोबाइल चोरी

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना के बगल में बुधवार की शाम लगने वाले हाट से सब्जी खरीदने गए एक व्यक्ति की जेब से चोरों ने मोबाइल चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने काफी खोजबीन की, लेकिन मोबाइल का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने मुसरीघरारी थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित की पहचान सरायरंजन नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी स्वर्गीय ओपी झा के पुत्र मुकेश कुमार झा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम वह मुसरीघरारी थाना के समीप लगने वाले हाट में सब्जी खरीदने गए थे। सब्जी खरीदने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया। कुछ देर बाद मोबाइल गायब होने की जानकारी हुई। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत की। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि थाना के ठीक बगल में हाट लगने के बावजूद चोरी की घटना होना चिंता का विषय है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से हाट और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ाने तथा नियमित गश्त कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि हाल के दिनों में मुसरीघरारी क्षेत्र में चोरी, लूट और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। लोगों ने पुलिस से असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतने तथा बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाना जरूरी है। मुसरीघरारी प्रभारी थाना अध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि आवेदन मिला है जांच किया जा रहा है

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top